सैलरी में से 20 हजार रुपए की कुर्सियां खरीद आंगनबाड़ी केन्द्रों को भेंट
by seemasandesh
नोहर एसडीएम श्वेता कोचर ने पेश की मिसाल हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। नोहर की उपखण्ड अधिकारी श्वेता कोचर ने अपनी सैलरी में से 20 हजार खर्च कर छोटे बच्चों के लिए कुर्सियां खरीद आंगनबाड़ी केन्द्रों को भेंट की हैं। नोहर के सीडीपीओ कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में एसडीएम ने यह कुर्सियां आंगनबाड़ी केन्द्रों से आर्इं कार्यकर्ताओं को भेंट की। इस मौके पर सीडीपीओ शिवराज सिंह समेत महिला पर्यवेक्षक, विभिन्न आंगनाबाड़ी केन्द्रों की कार्यकर्ता, सहायिका इत्यादि मौजूद रहीं। इस दौरान घर-घर औषधि योजना अंतर्गत आंगनबाड़ी केन्द्रों पर पोषण वाटिका विकसित करने को लेकर पौधे भी वितरित किए गए। इस मौके पर एसडीएम श्वेता कोचर ने कहा कि नोहर दानदाताओं की नगरी है। यहां हर क्षेत्र में भामाशाह आगे बढ़कर हर कार्य में सहयोग करते हैं। उन्होंने कहा कि स्कूलों में तो शिक्षक मेहनत कर भामाशाहों से सहयोग जुटा लेते हैं लेकिन आंगनबाड़ी केन्द्रों की कार्यकर्ता, सहायिका इत्यादि सरकार की हर योजना को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण योगदान देती हैं। कोरोना काल में भी इनकी ओर से बहुत अच्छा कार्य किया गया था। लिहाजा आंगनबाड़ी केन्द्रों पर कुर्सियां देने का निर्णय लिया। प्रशासन आंगनबाड़ी केन्द्रों के विकास के लिए हर समय उनके साथ है। साथ ही भामाशाहों से अपील करते हुए कहा कि आंगनबाड़ी केन्द्रों पर खिलौना बैंक बनाने व नंदघर योजना में सहयोग करें तो बच्चों को इससे काफी सीखने को मिलेगा। महिला एवं बाल विकास विभाग के उपनिदेशक प्रवेश सोलंकी ने नोहर एसडीएम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि एसडीएम नोहर ने अपनी सैलेरी से 20 हजार रुपए की कुर्सियां खरीदकर कर आंगनाबाड़ी केन्द्रों को भेंट कर मिसाल कायम की है। नोहर सीडीपीओ शिवराज सिंह ने भी कहा कि नोहर एसडीएम ने बच्चों को कुर्सियां भेंटकर नवाचार किया है। इससे जिले के अन्य लोग भी सहयोग करने के लिए आगे आएंगे। गौरतलब है कि नोहर में कुल 222 व जिले में कुल 1248 आंगनबाड़ी केन्द्र हैं।