Friday, May 15निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

भवानी देवी ने राष्ट्रमंडल चैंपियनशिप में जीता स्वर्ण

लंदन (वार्ता). भारतीय तलवारबाज सी ए भवानी देवी ने यहां जारी राष्ट्रमंडल तलवारबाजी चैंपियनशिप में सीनियर महिला सेबर एकल प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक हासिल किया है। भवानी ने मंगलवार को अपने से बेहतर रैंकिंग वाली आॅस्ट्रेलिया की वेरोनिका वासिलेवा को 15-10 से मात देकर लगातार दूसरी बार राष्ट्रमंडल खिताब जीता।
टोक्यो 2020 में ओलंपिक के लिये क्वालिफाई करने वाली पहली भारतीय तलवारबाज बनने के बाद भवानी ने 2022 में अपने प्रदर्शन में काफी सुधार किया है। उन्होंने साल के शुरूआत में इस्तांबुल में आयोजित तलवारबाजी विश्व कप में 23वां स्थान हासिल किया था।
राष्ट्रमंडल तलवारबाजी चैंपियनशिप इस साल उनका 10वां अंतरराष्ट्रीय टूनार्मेंट है।भवानी ने जीत के बाद कहा, अपना खिताब दोबारा जीतना बेहतरीन एहसास है। फाइनल मुश्किल था और मुझे खुशी है कि मैं भारत के लिये इस साल एक और स्वर्ण पदक जीत सकी। इस साल का सफर मेरे लिये शानदार रहा है और मैं इस लय को आने वाली प्रतियोगिताओं में जारी रखना चाहूंगी। मुझे घर से लगातार बहुमूल्य समर्थन मिला है।
भारतीय तलवारबाजी संघ के महासचिव राजीव मेहता ने कहा, मैं सीए भवानी देवी को इस साल दोबारा खिताब जीतने पर बधाई देना चाहूंगा। वह भारत में हर फेंसर के लिये प्रेरणा का स्रोत हैं। यह उनके कारण ही है कि कई युवा अब विश्व स्तर पर पहुंचने का सपना देखते हैं। यह स्वर्ण पदक इस बात की पुष्टि करता है कि भारत में फेंसिंग का प्रसार हो रहा है और मुझे विश्वास है कि वह दिन दूर नहीं जब ओलंपिक सहित अन्य बड़े आयोजनों में भारतीय फेंसरों को लगातार हिस्सा लेते हुए देखेंगे।