हाथों में तिरंगा लेकर निकले भाजपा कार्यकर्ता, गूंजे देशभक्ति के नारे
by seemasandesh
शहीदों को नमन कर निकाली तिरंगा यात्रा, दिया देशप्रेम का संदेश हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। भाजपा के कार्यकर्ता भारत माता की जय का जयघोष करते सड़कों पर निकले तो वातावरण देशभक्ति से सराबोर हो गया। मुख्य मार्ग ही नहीं गली-मोहल्ले भी देशभक्ति से ओतप्रोत नजर आए। मौका था आजादी के अमृत महोत्सव के तहत भाजपा की ओर से देशभर में चलाए जा रहे अभियान के तहत भाजपा नगरमण्डल हनुमानगढ़ टाउन के कार्यकर्ताओं की ओर से शनिवार को दुपहिया वाहनों पर निकाली गई तिरंगा यात्रा का। तिरंगा यात्रा में काफी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने शामिल होकर हाथों में और वाहनों पर तिरंगा लगा वंदे मातरम् व भारत माता की जय का उद्घोष कर पूरा शहर देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत कर दिया। तिरंगा यात्रा में झंडा ऊंचा रहे हमारा, रंग दे बसंती चोला, भारतमाता की जय जैसे नारे-गीत गूंजते रहे। शहर में दर्जनों स्थानों पर आमजन ने तिरंगा यात्रा का पुष्प बरसाकर स्वागत किया। टाउन में भारत माता चौक से शुरू हुई यात्रा का पंचायत समिति के पास शेखर ट्रांसपोर्ट पर समापन हुआ। तिरंगा यात्रा को देखकर लोगों का उत्साह देखने लायक था। तिरंगा यात्रा समाप्त होने पर कार्यकर्ताओं ने गरिमा बरकरार रखते हुए तिरंगे को सुरक्षित रखा। तिरंगा यात्रा को पूर्व सिंचाई मंत्री डॉ. रामप्रताप, भाजपा जिलाध्यक्ष बलवीर बिश्नोई, नगर परिषद के पूर्व सभापति राजकुमार हिसारिया, मण्डल अध्यक्ष प्रदीप ऐरी ने झण्डी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर पूर्व मंत्री डॉ. रामप्रताप व भाजपा जिलाध्यक्ष बलवीर बिश्नोई ने बताया कि 15 अगस्त को ‘हर घर तिरंगा’ कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं ने तिरंगा यात्रा निकाली है। इस यात्रा के जरिए कार्यकर्ताओं ने संदेश दिया कि सभी लोग अपने-अपने घरों में तिरंगा लगाकर देश की स्वतंत्रता के लिए बलिदान देने वाले अमर शहीदों को श्रद्धांजलि दें। स्वतंत्रता दिवस पर देश को आजाद कराने वाले वीर शहीद, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के योगदान को याद करें और उन्हें नमन करें, ताकि आने वाली पीढ़ियां देश के लिए कुर्बानी देने वाले क्रांतिकारियों व शहीदों को याद रखें। नगर मण्डल अध्यक्ष प्रदीप ऐरी ने कहा कि प्रधानमंत्री का हर घर तिरंगा अभियान का ये असर है कि प्रत्येक देशवासी अपने घर पर राष्ट्रीय झंडा लगाने के लिए आतुर है। आजादी के अमृत काल से हर देशवासी खुद को जोड़ भी रहा है। भाजपा की यह तिरंगा यात्रा देशवासी को उसके भारतीय होने के गौरव होने का पल याद दिलाता है। ऐरी ने सभी शहीदों को नमन करते हुए देशवासियों से आजादी के अमृत महोत्सव में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने का आह्वान किया। इस मौके पर जिला महामंत्री जुगलकिशोर गौड़, जिला उपाध्यक्ष कविन्द्र सिंह, अमित सहू, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अमरसिंह राठौड़, नगर मण्डल महामंत्री नितिन बंसल, व्यापार प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष मुरलीधर सोनी, जिला मीडिया प्रभारी दीपक खाती, संजय जैन, मदनलाल बांठिया, पार्षद महादेव भार्गव, युवा मोर्चा मण्डल अध्यक्ष अशोक खिच्ची, लीलाधर सोनी, मदन खदरिया, पूर्व पार्षद विनोद वर्मा, श्यामलाल मंगवाना, अयूब जोइया, ओम सोनी, हंसराज कटारिया, चाणनराम चौधरी, भुवनेश ग्रोवर, सुभाष पटवारी, राजेन्द्र वर्मा, पार्षद हाजी मुख्त्यार अली, भगवानाराम, बलदेव सिकलीगर, पार्षद भंवर नायक, महेन्द्र धानक, मदद अली, रमेश पेंटर आदि मौजूद रहे।