Saturday, May 16निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

पहले पटरी पर बैठकर पी शराब, फिर एक-दूसरे को हाथ पकड़ कूदे नहर में

  • युवक-युवती ने सार्दुल ब्रांच नहर में लगाई छलांग, लोगों ने युवती को सकुशल बचाया, युवक तेज बहाव में बहा, शव बरामद
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    जंक्शन के वार्ड 55 में रहने वाले एक युवक व युवती ने गुरुवार शाम को सार्दुल ब्रांच नहर में छलांग लगा दी। इन्हें नहर में कूदते देख पास से गुजर रहे लोगों ने युवती को तो सकुशल बाहर निकाल लिया जबकि युवक पानी के तेज बहाव में आगे बह गया। पुलिस ने गोताखोरों को नहर में उतार युवक की तलाश शुरू करवाई। शुक्रवार को युवक का शव नहर से बरामद हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो युवक-युवती ने नहर में कूदने से पहले पटरी पर बैठकर शराब का सेवन किया। इसके बाद दोनों जने अपनी चप्पलें व युवती ने चुन्नी नहर किनारे छोड़ी तथा एक-दूसरे का हाथ पकड़कर नहर में कूद गए। सुरेशिया चौकी प्रभारी एएसआई भूपसिंह ने बताया कि गुरुवार शाम को सूचना मिली कि जंक्शन के वार्ड 55, सुरेशिया में एक ही मोहल्ले में रहने वाले युवक मोतीराम बावरी पुत्र कुन्दनलाल बावरी व युवती नानकी बावरी ने सार्दुल ब्रांच नहर में छलांग लगा दी है। सूचना पर मौके पर पहुंचे तो हैड के कर्मचारियों व ग्रामीणों ने युवती नानकी को तो सकुशल नहर से बाहर निकाल लिया था लेकिन मोतीराम का पता नहीं चल पाया। शुक्रवार को भी गोताखोरों को नहर में उतार रेस्क्यू किया गया। गोताखोरों ने दोपहर को मोतीराम का शव नहर से बरामद कर लिया। उन्होंने बताया कि प्रथमदृष्टया मोतीराम व नानकी की ओर से स्वयं नहर में छलांग लगाने की बात सामने आई है। इस संबंध में जांच जारी है। दोनों एक ही मोहल्ले के रहने वाले हैं। परिजनों से बातचीत के बाद ही नहर में कूदने के कारणों का खुलासा हो पाएगा। वहीं प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि गुरुवार शाम को एक युवती व एक युवक सार्दुल ब्रांच नहर की पटरी पर आए। दोनों ने शराब का सेवन किया और देखते ही देखते एकसाथ नहर में कूद गए। उन्होंने युवती को तो नहर से जिंदा बाहर निकाल लिया लेकिन युवक का पता नहीं चला। वह पानी के तेज बहाव में आगे बह गया। नहर में कूदने से पहले दोनों ने अपनी चप्पलें नहर किनारे उतारी। युवती ने अपनी चुन्नी भी नहर किनारे छोड़ दी। बताया जा रहा है कि नहर से सकुशल बाहर निकाली गई युवती नानकी ने स्वयं पुलिस को बताया कि उन्होंने एकसाथ शराब का सेवन कर नहर में छलांग लगाई थी। वार्ड 55 के पार्षद सिंगाराम भाट के अनुसार नहर में कूदने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। इस मौके पर वार्ड 58 के पार्षद प्रतिनिधि रमजान खान के अलावा वार्ड 55 के कई नागरिक व युवक मोतीराम के परिजन मौजूद थे।