मत्स्य एवं पशुपालन मंत्रालय पर जिले की अनदेखी करने का आरोप
by seemasandesh
गोशालाओं के केन्द्रीय अनुदान को जारी करने की मांग, प्रतिनिधिमंडल ने सांसद से की मुलाकात हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। केन्द्रीय मत्स्य एवं पशुपालन मंत्रालय भारत सरकार के अधीनस्थ भारतीय जीव जंतु कल्याण बोर्ड की ओर से हनुमानगढ़ जिले की गोशालाओं के साथ की जा रही अनदेखी को लेकर जिले की गोशालाओं के संचालकों के प्रतिनिधि मंडल ने शुक्रवार को सांसद एवं पूर्व केन्द्रीय मंत्री निहालचंद से मुलाकात की। प्रतिनिधि मंडल के संयोजक व पीपल फॉर एनिमल्स जिलाध्यक्ष दलीप वर्मा ने आरोप लगाया कि भारतीय जीव जंतु कल्याण बोर्ड पिछले तीन-चार वर्षांे से हनुमानगढ़ जिले की गोशालाओं के साथ अनुदान एवं अन्य योजनाओं को लेकर जिले की अनदेखी कर रहा है। जिले की गोशालाओं को संचालित योजनाओं का लाभ नहीं मिल रहा। बोर्ड की ओर से पिछले 3-4 वर्ष से नई गोशालाओं को मान्यता प्रदान नहीं की जा रही। न ही एंबुलेंस योजना एवं शरणागृह निर्माण तथा आपदा राहत सहायता के लिए किसी प्रकार की वित्तीय सहायता प्रदान की जा रही है। अपितु विगत वित्तीय वर्ष 2021-22 का नियमित अनुदान भी जारी नहीं किया है जबकि प्रदेश के अन्य जिलों तथा अन्य राज्यों को बराबर वित्तीय सहायता प्रदान की जा रही है। उन्होंने सांसद से मांग की कि भारतीय जीव जंतु कल्याण बोर्ड भारत सरकार की ओर से हनुमानगढ़ जिले की गोशालाओं के साथ की जा रही अनदेखी को रोका जाए। जिले की गोशालाओं को बोर्ड की ओर से संचालित नियमित अनुदान, एम्बुलेंस स्कीम, शरणागृह निर्माण एव आपदा राहत वित्तीय सहायता का लाभ दिलाया जाए। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि बोर्ड की ओर से पूर्व में एम्बुलेंस स्कीम के अंतर्गत जो एम्बुलेंस स्वीकृत की गई है वह एम्बुलेंस नहीं दी जा रही। शरणागृह निर्माण की प्रथम किस्त जारी की जा चुकी है। उन गोशालाओं को द्वितीय किस्त नहीं दी जा रही। इस योजना में गोशालाओं को शरणागृह निर्माण की द्वितीय किस्त पिछले पांच साल से नहीं दी जा रही। उन्होंने सांसद से स्वीकृत अनुदान को जारी करने की मांग की। इस पर सांसद निहालचंद ने तुरंत ही केन्द्रीय मंत्री एवं बोर्ड अध्यक्ष से दूरभाष पर बात कर आश्वासन दिया कि 15 दिनों में उनका स्वीकृत अनुदान एवं अन्य योजनाओं का लाभ दिलाया जाएगा। इस मौके जिला गोशाला से पप्पूसिंह भाटी, पंचायत समिति सदस्य शमशेर सिंह कटारा, मोहनमगरिया गोशाला अध्यक्ष भागीरथ पथरिया, डबली कलां गोशाला अध्यक्ष रामचंद्र, पक्काभादवां गोशाला अध्यक्ष खेतपाल, बसीर गोशाला अध्यक्ष सहदेव खद्दा, झांबर गोशाला प्रतिनिधि विनोद सिहाग, सुरेंद्र सिहाग, संदीप कुचेरिया, गुरमीत सिंह सहित जिले की अनेक गोशालाओं के संचालक प्रतिनिधि मंडल में शामिल थे।