हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। गणपति महोत्सव के लिए क्षेत्र के मूर्तिकारों की ओर से गणपति बप्पा की मूर्तियों का निर्माण किया जा रहा है। मूर्तिकारों को दूर-दूर से मूर्ति बनाने के आॅर्डर मिले हैं। इसलिए दिन-रात मूर्तिकार मूर्ति बनाने के कार्य में जुटे हुए हैं। मूलत: सिरोही जिले के रहने वाले व वर्तमान में टाउन में रह रहे मूर्तिकार प्रकाश पुत्र मोहनलाल ने बताया कि वे करीब 25 सालों से हनुमानगढ़ में मूर्ति बनाने का कार्य कर रहे हैं। इस बार 31 अगस्त को गणपति उत्सव मनाया जाएगा। इसको लेकर लोगों में काफी उत्साह है। महोत्सव मनाने के लिए मूर्तियां तैयार की जा रही हैं। हालांकि कोरोना काल के चलते पिछले दो साल मूर्ति बनाने का कार्य कम हुआ। लेकिन इस बार अच्छा कार्य चल रहा है। हर तरह की गणपति की मूर्तियों का निर्माण किया गया है और किया जा रहा है। उनके पास सरदारशहर, रतनगढ़, गोगासर, सूरतगढ़, श्रीगंगानगर, संगरिया, नोहर सहित अन्य जगहों से आॅर्डर आए हैं। मूर्ति निर्माण में केमिकल का इस्तेमाल नहीं किया जाता। चार फीट तक की मूर्तियां बनाई हैं। उन्होंने बताया कि महंगाई का असर मूर्ति बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री पर भी पड़ा है। उन्होंने बताया कि लोगों का अधिकतर रुझान लाल बाग के राजा मुंबई, डगरु सेठ पुणे महाराष्ट्र, पगड़ी वाली राजस्थानी मूर्तियों की तरफ है।