Tuesday, May 5निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

जिले में 1 लाख 44576 खिलाड़ियों ने करवाया रजिस्ट्रेशन, 11445 टीमों का गठन

  • जिला प्रशासन ने खेलों को हां, नशे को ना थीम पर जारी की कार्टून सीरिज
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    राजीव गांधी ग्रामीण ओलम्पिक खेल 29 अगस्त से ग्राम पंचायत स्तर पर शुरू होने जा रहे हैं। ग्राम पंचायत स्तर पर साइकिल रैली और पैदल रैली का आयोजन किया जा रहा है। गांव-गांव में खेल का माहौल है। ग्रामीण क्षेत्र में विभिन्न टीमें अभ्यास करती नजर आ रही हैं। जिला कलक्टर नथमल डिडेल ने नवाचार करते हुए राजीव गांधी ग्रामीण ओलम्पिक खेल के प्रचार-प्रसार को लेकर कार्टून सीरीज भी जारी की है। कार्टूनिस्ट मस्तान सिंह एवं वरिष्ठ लेखक डॉ. भारत ओला के सहयोग से यह कार्टून सीरीज जिला प्रशासन ने जारी की है। जिला कलक्टर नथमल डिडेल ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन को लेकर जिले के सभी उपखण्ड अधिकारियों, विकास अधिकारियों एवं ब्लॉक शिक्षा अधिकारियों को सभी जरूरी तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। जिला खेल अधिकारी शमशेर सिंह ने बताया कि कबड्डी, टेनिस बॉल क्रिकेट, वॉलीबॉल, खो-खो, हॉकी तथा शूटिंग बॉल खेलों के लिए पुरुष और महिला टीमों के गठन और पंजीयन का कार्य लगभग पूरा हो चुका है। इस भव्य आयोजन के लिए प्रतिभागी पूरे उत्साह के साथ पूर्वाभ्यास में जुटे हैं। प्रतिभागियों के साथ ही आमजन में भी इस ऐतिहासिक आयोजन को लेकर अभूतपूर्व उमंग है। जिला खेल अधिकारी ने बताया कि हनुमानगढ़ जिले में 1 लाख 44576 खिलाड़ियों ने इन खेलों में रजिस्ट्रेशन करवाया है। खिलाड़ियों को शामिल करते हुए कुल 11445 टीमों का गठन किया गया है। खिलाड़ियों के रजिस्ट्रेशन को लेकर राज्य में हनुमानगढ़ जिला पांचवें और टीमों के गठन को लेकर छठे स्थान पर है। जबकि नागौर व भीलवाड़ा रजिस्ट्रेशन व टीम गठन में क्रमश: प्रथम व द्वितीय स्थान पर है। जिले में तहसील वाइज बात करें तो सर्वाधिक 26,637 खिलाड़ियों ने पीलीबंगा में, 24,974 खिलाड़ियों ने नोहर में और 20,140 खिलाड़ियों ने हनुमानगढ़ में रजिस्ट्रेशन करवाया है। सबसे कम 14898 खिलाड़ियों ने संगरिया में रजिस्ट्रेशन करवाया है।