बीकानेर
राजस्थान में हो रहे कॉम्पिटिशन एग्जाम में नकल के मामले बढ़ते जा रहे हैं। पटवारी, रीट और कॉन्स्टेबल के बाद अब डिस्कॉम के टेक्निकल असिस्टेंट में नकल का खुलासा हुआ है। यह एग्जाम ऑनलाइन था। इसके बाद भी माफिया ने सेंधमारी कर दी। पूरे सिस्टम को हैक कर लिया और नकल करवाई गई। ATS ने इस मामले में 7 लोगों को गिरफ्तार किया है। इनके नाम का अभी तक खुलासा नहीं किया है।
शनिवार को प्रदेश के अलग-अलग जिलों में टेक्निकल असिस्टेंट के 1512 पदों पर भर्ती के लिए ऑनलाइन परीक्षा आयोजित की गई थी। इससे पहले ATS अपने स्पेशल ऑपरेशन के लिए काम कर रही थी।
एटीएस के आईजी विकास कुमार ने बताया कि साइबर वर्ल्ड में होने वाली गतिविधियों पर पुलिस की पैनी नजर रहती है। इस दौरान ATS की टीम को यह भनक लगी कि ऑनलाइन एग्जाम वाले सिस्टम को हैक किया गया है और उन्हें रिमोट पर लिया गया है। पता चला कि जो कम्प्यूटर हैक किए जा रहे हैं, वहां बिजली विभाग की टेक्निकल असिस्टेंट की परीक्षा होने वाली है।