भादरा (सीमा सन्देश न्यूज)। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार 4 सितंबर 2022 को नई दिल्ली के रामलीला मैदान में महंगाई के खिलाफ आयोजित होने वाली हल्ला बोल रैली की तैयारियों को लेकर रविवार को कांग्रेस कार्यालय जन चेतना भवन में पूर्व विधायक डॉ सुरेश चौधरी की अध्यक्षता में बैठक का आयोजन किया गया। पूर्व विधायक ने कहा कि आज देश में महंगाई अपनी सारी हदें तोड़ चुकी है, आम भारतीय नागरिक को दो वक्त के खाने के लाले पड़े हुए हैं, हर वर्ष लाखों बेरोजगारों की सेना विश्वविद्यालयों में तैयार होकर अनिश्चित भविष्य के चौराहे पर आ रही है लेकिन देश में रोजगार की कोई व्यवस्था नहीं है, अकेली सेना में ही एक करोड़ पद खाली पड़े हैं, किसान आत्मघात कर रहे हैं, महिलाओं, बच्चों व दलितों पर अत्याचार बढ़ते जा रहे हैं, आजादी के 75 साल बाद ऐसे हालात वाकई चिंता में डालने वाले हैं। उन्होंने उपस्थित कांग्रेसजनो से 4 सितंबर की रैली में अधिक अधिक संख्या में भाग लेने का आह्वान किया। बैठक में नगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष डॉ महमूद भाटी, एड. हरिसिंह इंडालिया, डॉ फारुख खान, डॉ मुस्तकीम खान, जगदीश यादव, पूनमचंद नेहरा, राजवीर भड़ीया, बजरंग सिंह नरूका, राजमल सहारण, मनीराम भाकर, पूर्णमल बारूपाल, अमरसिंह लुहार, सुरेश झाझडिया व धर्मपाल कड़वासरा सहित काफी संख्या में कांग्रेस जन मौजूद थे।