हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। पंजाबी संस्कृति से जुड़े मुख्य नृत्य भंगड़ा को जिंदा रखने के लिए मशहूर भांगड़ा प्रशिक्षिका एशले कौर की ओर से जंक्शन के एवोल्वो फिटनेस सेंटर पर एक दिवसीय प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। शिविर सुबह 6 बजे से 8 बजे तक आयोजित किया गया। फिटनेस ट्रेनर एशले कौर की ओर से शहरवासियों को फिट रखने के लिए भांगड़ा सत्र का आयोजन किया। भांगड़ा सत्र की शुरूआत मां सरस्वती के चित्र समक्ष दीप प्रज्जवलित कर की। इसके बाद एकाएक पंजाबी गीतों की प्रस्तुति पर एशले कौर ने भांगड़ा किया। एशले कौर के साथ शहरवासियों, कोच व नन्हें खिलाड़ियों ने भी भांगड़ा किया। कार्यक्रम में शहरवासियों ने फिट रहने के बारे में सीखा। इस दौरान एशले कौर ने कहा कि भांगड़ा शब्द सुनते ही शरीर में जान आ जाती है। भांगड़ा फिटनेस का एक हिस्सा है। भांगड़ा को प्यार करें। बच्चों को पंजाबी लोक नाच भांगड़ा के बारे में बताएं। भांगड़ा को प्रमोट करें। उन्होंने कहा कि भांगड़ा से शरीर फिट रहता है। फिटनेस सेंटर के संचालक प्रिंस चौहान ने कहा कि भांगड़ा प्रशिक्षिका एशले कौर की ओर से पंजाबी संस्कृति को जिंदा रखने के लिए फिटनेस के साथ भांगड़े को जोड़कर आमजन को भांगड़े के प्रति जागरूक किया जा रहा है। वे मुहिम के तहत आमजन को जागरूक कर रही हैं। अब तक लगभग 200 से अधिक शहरों में अलग-अलग शिविरों के माध्यम से भांगड़े की युवा पीढ़ी में अलख जगा चुकी हैं। इनका यह प्रयास निरंतर जारी है। इस दौरान एशले कौर को भटनेर दुर्ग का चित्र भेंट किया गया।