रायसिंहनगर (सीमा सन्देश)। नगरपालिका अधिशासी अधिकारी हंसा मीणा अवैध अतिक्रमण व निर्माण के खिलाफ एक्शन के मोड में नजर आ रहे हैं। नगरपालिका टीम ने शहर के तीन जगहों पर कार्यवाही की। मुख्य बाजार न्यू लाइट सिनेमा के पास पिछले काफी समय से दुकानदारों ने दुकानों के आगे करीब 30- 40 फुट तक अतिक्रमण कर रखा था। इस पर नगरपालिका ने कई बार उन दुकानदारों को अतिक्रमण हटाने की समझाइश की थी। पालिका के ईओ रहे लाजपत बिश्नोई ने भी इन दुकानदारों को अतिक्रमण हटाने के लिए 2 दिन का समय दिया था, लेकिन इन दुकानदारों ने अतिक्रमण की जगह को खाली नहीं किया। इस पर कार्यवाही करते हुए नगरपालिका टीम ने जेसीबी से अतिक्रमण हटा दिया। इससे मुख्य बाजार में रोज लगनेवाले जाम से लोगों को राहत मिलेगी। इसी तरह शहर में बन रही बहुमंजिला इमारत को निर्माण कार्य में अनियमितताएं मिलने पर उसे सीज कर दिया गया। वहीं लम्बे समय से एक ज्वैलर दुकान मालिक ने प्याऊ की जगह पर कब्जा कर रखा था। उसे नगरपालिका द्वारा प्याऊ की जगह को खाली करने के लिए कई बार नोटिस देने के बावजूद दुकानदार ने जगह को खाली नहीं किया। इस पर नगरपालिका ने प्याऊ की जगह के साथ ज्वैलरी शॉप को भी सील कर दिया। अधिशासी अधिकारी द्वारा शहर में अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही की शहरवासी प्रशंसा कर रहे हंै।