कोरोनाकाल में राहत की बजाय जनता को लूट रही केन्द्र सरकार
by seemasandesh
भारत की कम्युनिस्ट पार्टी मार्क्सवादी की अनाज मंडी पार्टी ब्रांच का दूसरा सम्मेलन सम्पन्न, वारिस अली चुने गए ब्रांच सचिव हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। भारत की कम्युनिस्ट पार्टी मार्क्सवादी की अनाज मंडी पार्टी ब्रांच का दूसरा सम्मेलन बुधवार को जंक्शन में लाल चौक के नजदीक स्थित शहीद भगतसिंह यादगार केन्द्र में अलीशेर की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ। सम्मेलन में माकपा तहसील सचिव शेरसिंह शाक्य व माकपा जिला कमेटी सदस्य बहादुर सिंह चौहान तथा आत्मासिंह पर्यवेक्षक के रूप में मौजूद रहे। समेलन को संबोधित करते हुए जिला कमेटी सदस्य बहादुर सिंह चौहान ने कहा कि आज का सम्मेलन बहुत ही गंभीर स्थिति में हो रहा है। आज पूरा देश कोरोना जैसी वैश्विक महामारी के दौर से गुजर रहा है। केन्द्र की मोदी सरकार जनता को राहत देने की बजाय भारी भरकम टैक्स लगाकर जनता को लूट रही है। शेरसिंह शाक्य ने कहा कि देश का अन्नदाता 6 माह से अधिक समय से केन्द्र सरकार की ओर से कोरोना की आड़ में लाए गए किसान विरोधी तीनों काले कृषि कानूनों के खिलाफ देश की राजधानी दिल्ली के बॉर्डरों पर बैठा संघर्षरत है। लेकिन केन्द्र सरकार उनकी लगातार अनदेखी कर रही है। आत्मासिंह ने कहा कि केन्द्र की मोदी सरकार चंद पूंजीपतियों के इशारे पर काम कर रही है और मजदूरों और किसानों को पूंजीपतियों का गुलाम बनाने की साजिश रच रही है। इसे किसी भी सूरत में कामयाब नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने सभी से एकजुट होकर जनता को साथ लेकर संघर्ष को और मजबूत करने व पार्टी को मजबूत करने का आह्वान किया। सम्मेलन में पिछले साल का लेखा-जोखा पेश किया गया। इसके बाद सर्वसम्मति से वारिस अली को ब्रांच का सचिव चुना गया। इससे पहले सम्मेलन की शुरूआत में वारिस अली ने झंडारोहण किया। इसके बाद किसान आंदोलन में शहीद हुए किसानों व कोरोना काल में जान गंवाने वाले लोगें को 2 मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई। इस मौके पर वलीशेर, मुकदर अली, सुल्तान खान, तरसेम सिंह, रामस्वरूप बागड़ी, गुरमेल सिंह, अली शेर खान, अनवर खान, नजर हुसैन आदि मौजूद थे।