नई दिल्ली
तेलंगाना सीएम केसीआर के बेटे और सरकार में मंत्री के टी रामाराव ने आज ट्विटर पर बड़ा ऐलान किया और दावा किया कि अगले 18 महीनों में वो राज्य में कुपोषण के आंकड़ों में उल्लेखनीय बदलाव करेंगे। दरअसल, इससे पहले सोशल मीडिया पर केटीआर की इंफोसिस के पूर्व निदेशक टीवी मोहनदास पई के साथ पीएम मोदी के संबोधन को लेकर की गई टिप्पणी पर बहस हुई थी। पीएम मोदी ने बीते रविवार को मन की बात कार्यक्रम में कुपोषण पर अपनी बात रखी थी। जिस पर केटीआर ने पीएम मोदी के बयानों पर कटाक्ष किया। इसी बीच उनकी सोशल मीडिया पर मोहनदास पई से बहस हो गई। केटीआर ने मोहनदास को रिट्वीट करते हुए लिखा- चैलेंज एक्सेप्ट।
इस पूरे घटनाक्रम की शुरुआत रविवार को पीएम मोदी के मन की बात कार्यक्रम से शुरू हुई थी। पीएम मोदी ने मासिक रोडियो संबोधन में मन की बात कार्यक्रम के दौरान कुपोषण पर कहा, कुपोषण से लड़ने के लिए किस तरह संगीत और भजनों का इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने मध्य प्रदेश में भजन-कीर्तन कार्यक्रमों का जिक्र किया। अब पीएम मोदी के संबोधन के तीसरे दिन यानी 29 अगस्त को केटीआर ने पीएम मोदी के संबोधन पर कटाक्ष कर डाला।
केटीआर ने ट्वीट किया, “भजन कुपोषण के समाधान के रूप में! वह भी पीएम बता रहे हैं! मुझे पूरा विश्वास है कि यह एक टेलीप्रॉम्टर टाइपो मिस्टेक थी, जहां भोजन की जगह भजन टाइप हो गया होगा।” केटीआर आगे लिखते हैं, “वैश्विक भुखमरी में भारत का स्थान 101/116 है और हमें कुपोषण के लिए तत्काल ध्यान और समाधान की जरूरत है, न कि इन कॉमिक कैपर्स की।”