Tuesday, May 12निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

4 दिन से लगातार बढ़ रहा टैंप्रेचर चालीस के करीब:तापमान में तेजी और गर्मी से सड़कों पर निकले लोग हुए परेशान, 5 को बारिश के आसार

श्रीगंगानगर

इलाके में इन दिनों टैंप्रेचर खूब तेजी से बढ़ रहा है। पिछले एक सप्ताह में ही यह पौने चार डिग्री के करीब बढ़ कर 39.5 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है। ऐसे में शुक्रवार दोपहर में शहर की सड़कों पर आवाजाही काफी कम रही। महिलाएं और युवतियां सिर और चेहरा पूरी तरह ढके दिखीं। सड़क किनारे लगने वाले ठेले वालों ने दोपहर में पर्दे लगाकर गर्मी और धूप से बचाव किया। शहर की सब्जी मंडी में दोपहर में ग्राहकी काफी कम रही। कुछ लोगों ने गर्मी से निजात पाने के लिए पार्कों में पेड़ों के नीचे शरण ली। शहर के प्रमुख इलाकों सिविल लाइन्स, गांधी चौक, लक्कड़मंडी, स्टेशन रोड, गौशाला रोड, रवींद्र पथ आदि पर गर्मी के चलते दोपहर के समय लोगों की आवाजाही काफी कम रही।

तीन दिन तक बढ़ सकती है गर्मी
इलाके में अगले तीन दिन तक गर्मी बढ़ सकती है। वेदर एक्सपर्ट्स के अनुसार अगले दो से तीन तक तापमान बढ़ने की संभावना है। वहीं इसके बाद पांच सितम्बर को एक बार फिर मौसम में बदलाव आ सकता है। इस दौरान बादल छा सकते हैं तथा हलकी बरसात भी हो सकती है।

चालीस के पास पहुंचा तापमान
इलाके का तापमान गुरुवार की तरह शुक्रवार को भी 39.5 डिग्री सेल्सियस पर ही बना रहा। यानी तापमान चालीस के नजदीक तक पहुंच गया है। 26 अगस्त को तापमान 35.7 डिग्री सेल्सियस था वहीं इसके अगले दिन यह दशमलव आठ डिग्री की बढोतरी के साथ 36.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा। इसके बाद यह लगातार बढ़ता चला गया। गुरुवार और शुक्रवार को यह 39.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।