Tuesday, May 12निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

जिम्बाब्वे ने रचा इतिहास, ऑस्ट्रेलिया को उसी की सरजमीं पर पहली बार चटाई धूल

नई दिल्ली।

जिम्बाब्वे क्रिकेट के इतिहास में आज का दिन लंबे समय तक याद रखा जाएगा, रेजिस चकाब्वा की अगुवाई में इस टीम ने ऑस्ट्रेलिया को उसी की सरजमीं पर पहली बार मात दी है। तीन मैच की वनडे सीरीज का आखिरी मुकाबला शनिवार को टाउन्सविले के टोनी आयरलैंड स्टेडियम में खेला गया। इस मैच में जिम्बाब्वे ने पहले गेंदबाजी करते हुए मेजबानों को 141 रनों पर ढेर कर दिया। इसके बाद इस स्कोर को 11 ओवर और तीन विकेट शेष रहते हासिल कर लिया। हालांकि जिम्बाब्वे को यह सीरीज 1-2 से गंवानी पड़ी। 

रेजिस चकाब्वा ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले ऑस्ट्रेलिया को बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया था। कप्तान यह फैसला गेंदबाजों ने शुरुआत से ही सही साबित किया। कप्तान एरॉन फिंच, स्टीव स्मिथ और ऐलेक्स कैरी पहले 10 ओवर में ही पवेलियन लौटे। वहीं स्टॉयनिस और ग्रीन भी 100 रन से पहले आउट हुए। एक छोर से लगातार विकेट गिर रहे थे, वहीं दूसरे छोर पर डेविड वॉर्नर अपने पैर जमाए हुए थे। वॉर्नर ने 96 गेंदों पर 14 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 94 रन की पारी खेली। वॉर्नर के अलावा ग्लेन मैक्सवेल ने 22 रन बनाए। वहीं टीम के अन्य 9 खिलाड़ी दहाई का आंकड़ा तक नहीं छू पाए। जिम्बाब्वे के लिए रयान बर्ली ने 5 विकेट लिए।