दुबई
एशिया कप 2022 के सुपर 4 में चिर-प्रतिद्वंदी पाकिस्तान के खिलाफ 5 विकेट से मिली हार के बाद अब टीम चयन पर सवाल उठने लगे हैं। भारत को रविवार को दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में पाकिस्तान के हाथों पांच विकेट से हार का सामना करना पड़ा। इस हार के बाद टीम इंडिया के पूर्व बल्लेबाज मोहम्मद कैफ ने टीम चयन पर सवाल खड़े करते हुए कहा है कि एशिया कप 2022 के लिए एक अतिरिक्त तेज गेंदबाज न खिलाकर चयनकर्ताओं ने बहुत बड़ी गलती की। कैफ का मानना है कि अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को भी टीम में होना चाहिए था।
कैफ ने स्पोर्ट्सक्रीड़ा के साथ बातचीत में कहा, “भारत ने अपनी एशिया कप टीम चुनते समय एक अतिरिक्त तेज गेंदबाज नहीं चुनकर गलती की। अर्शदीप नया है और पहली बार उच्च दबाव वाला टूर्नामेंट खेल रहा है, जहां पाकिस्तान और श्रीलंका की टीमें भी हैं। वह वेस्टइंडीज, इंग्लैंड और आयरलैंड में खेल चुके हैं, लेकिन यह टूर्नामेंट काफी दबाव वाला है।”