आंगन आई लक्ष्मी तो जच्चा के लिए वितरित किया पौष्टिक आहार
by seemasandesh
श्री अन्नपूर्णा आध्यात्मिक सेवा समिति की मुहिम हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। श्री अन्नपूर्णा आध्यात्मिक सेवा समिति की ओर से जिला कलक्टर नथमल डिडेल की प्रेरणा से बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ के तहत ग्राम पंचायत दो केएनजे में किसी भी परिवार में बेटी का जन्म होने पर उसकी मां को आवश्यक पौष्टिक आहार का वितरण करने का बीड़ा उठाया हुआ है। इसी क्रम में ग्राम पंचायत दो केएनजे के वार्ड 10 के एक परिवार में कुछ दिन पहले जन्म लेने वाली बच्ची के घर पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में महिला थाना की एसआई रेणुबाला ने शिरकत की। कार्यक्रम की अध्यक्षता श्री अन्नपूर्णा आध्यात्मिक सेवा समिति सचिव प्रदीप पाल ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में वार्ड पंच पति मंगतूराम पूनिया, रायसिंह शर्मा और पृथ्वीराज ने शिरकत की। इस दौरान अतिथियों की ओर से नवजात बच्ची की मां के लिए पौष्टिक आहार वितरित किया गया। मुख्य अतिथि एसआई रेणुबाला ने समिति की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि आज समाज में बदलाव आ रहा है। इस तरह की मुहिम से प्रेरित होकर लोग बेटी को भी बेटे के बराबर दर्जा देने लगे हैं। बेटियों भी उच्च मुकाम हासिल कर अपने माता-पिता का नाम रोशन कर रही हैं। उन्होंने अभिभावकों को संदेश देते हुए कहा कि अपनी बेटियों के साथ किसी भी तरह का भेदभाव किए बगैर उन्हें उच्च शिक्षित करें ताकि वह भी ऊंची उड़ान भर सके। समिति सचिव प्रदीप पाल ने मंच संचालन करते हुए बताया कि समिति अपने गठन के बाद से ही सामाजिक कार्यांे में बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रही है। कोरोना काल में जरूरतमंद 350 परिवारों को राशन वितरण किया गया। काढ़े के अलावा मास्क भी वितरित किए गए। पंचायत में नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान व तम्बाकू मुक्त अभियान चलाया गया। इसके चलते समिति जिला स्तर पर सम्मानित भी हो चुकी है। उन्होंने आश्वस्त किया कि भविष्य में भी इस तरह के कार्य लगातार जारी रखे जाएंगे।