Tuesday, May 12निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

195 रन बनाकर भी 113 रनों से ऑस्ट्रेलिया ने जीता मैच, न्यूजीलैंड ने गंवा दी सीरीज

नई दिल्ली

ऑस्ट्रेलिया ने न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन मैचों की सीरीज का लगातार दूसरा वनडे इंटरनेशनल मैच जीतकर सीरीज में 2-0 से अजेय बढ़त बना ली है। ऑस्ट्रेलियाई टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 9 विकेट पर महज 195 रन बना पाई थी, लेकिन जवाब में कीवी टीम तो 100 रन तक भी नहीं पहुंच पाई और 33 ओवर में महज 82 रनों पर ऑलआउट हो गई। ऑस्ट्रेलिया की ओर से एडम जाम्पा ने पांच विकेट झटके, जबकि स्टीव स्मिथ ने 61 रनों की पारी खेली।

दोनों टीमों के बीच पहला मैच काफी रोमांचक रहा था और ऑस्ट्रेलिया ने दो विकेट से जीत दर्ज की थी। दोनों ही मैच अभी तक लो स्कोरिंग ही रहे हैं। न्यूजीलैंड ने इस मैच में टॉस जीता और पहले गेंदबाजी का फैसला लिया। ऑस्ट्रेलियाई टीम की शुरुआत बहुत घटिया रही और टीम ने 54 रनों तक पांच विकेट गंवा दिए थे। स्मिथ के अलावा मिचेल स्टार्क ने नॉटआउट 38 और जोश हेजलवुड ने नॉटआउट 23 रनों की पारी खेली।

ऑस्ट्रेलिया ने 148 रनों पर 9वां विकेट गंवाया था और ऐसा लग रहा था कि टीम ऑलआउट हो जाएगी, लेकिन स्टार्क और हेजलवुड ने आखिरी विकेट के लिए कुछ रन जोड़े और टीम को 195 रनों तक पहुंचाया। जवाब में कीवी टीम की शुरुआत भी बर्बाद रही। न्यूजीलैंड की ओर से सबसे ज्यादा रन कप्तान केन विलियमसन ने बनाए। केन 17 रन बनाकर आउट हुए थे। महज चार कीवी बल्लेबाज ही दहाई के आंकड़े तक पहुंच पाए थे। जाम्पा के अलावा स्टार्क और सीन एबट ने दो-दो विकेट लिए, जबकि एक विकेट मार्कस स्टॉयनिस के खाते में गया। स्टार्क को ऑलराउंड खेल के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया।