Wednesday, May 13निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

खुद को जंजीरों में जकड़ काले कपड़े पहन निकालेंगे रोष मार्च

  • सजा पूरी कर चुके जेल में बंद सिखों की रिहाई की मांग को लेकर सिख समुदाय का रोष मार्च 12 सितम्बर को
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    25 सालों से जेल में बंद बंदी सिखों की रिहाई की मांग को लेकर क्षेत्र के सिख समुदाय की ओर से 12 सितम्बर को जिला मुख्यालय पर रोष मार्च निकाला जाएगा। खास बात यह कि सिख समुदाय के नागरिक खुद को जंजीरों में जकड़ काले कपड़े पहन रोष मार्च में शामिल होंगे। रोष मार्च में अधिकाधिक संख्या में संगत से पहुंचने के लिए शनिवार को टाउन के ऐतिहासिक गुरुद्वारा शहीद बाबा सुखासिंह शहीद बाबा महताब सिंह में भरे सालाना शहीदी जोड़ मेले में संगत को आयोजकों की ओर से पम्पलेट वितरित किए गए। बलकरण सिंह ने बताया कि रोष मार्च 12 सितम्बर को सुबह 10 बजे गुरुद्वारा शहीद बाबा सुखासिंह शहीद बाबा महताब सिंह से रवाना होगा तो जिला कलक्ट्रेट तक निकाला जाएगा। उन्होंने बताया कि रोष मार्च के जरिए 25 साल से अधिक समय से गैर कानूनी तौर पर जेलों में बंद बंदी सिख जगतार सिंह, दविन्द्रपाल सिंह, बलवंत सिंह राजोआना, परमजीत सिंह, जगतार सिंह, शमशेर सिंह, लखविन्द्र सिंह, गुरमीत सिंह व गुरदीप सिंह को रिहा करने की आवाज बुलंद की जाएगी। रोष मार्च में काली दस्तार, काली चुन्नी व काले कपड़े पहनकर खुद को जंजीरों से जकड़ कर शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि देश की विभिन्न जेलों में बंद बंदी सिखों ने काफी समय पहले अपनी सजा पूरी कर ली है। वे पिछले 32-32 सालों से जेल में नजर बंद हैं लेकिन केन्द्र व प्रदेश सरकारें सिखों को रिहा नहीं कर रही। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर सरकार ने सजा पूरी होने वाले बंदी सिखों को रिहा नहीं किया तो सिख कौम आंदोलन करेगी।