भरतपुर
उत्तर प्रदेश से सटे राजस्थान बॉर्डर के सभी पेट्रोल पंप बंद हो चुके हैं । पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश में डीजल-पेट्रोल की कीमत कम होने की वजह से भरतपुर जिले के ज्यादातर लोग बॉर्डर पार जाकर उत्तर प्रदेश के पेट्रोल पंपों से डीजल-पेट्रोल लेकर आते हैं ।
कई पेट्रोल पंपों पर लगे ताले
उत्तर प्रदेश के मुकाबले राजस्थान में डीजल-पेट्रोल पर लगने वाला वैट ज्यादा है। राजस्थान में पेट्रोल 11.49 रुपए प्रति लीटर और डीजल 3.58 रुपए महंगा है। भरतपुर जिले में करीब दो दर्जन पेट्रोल पंप जो दोनों राज्यों के बॉर्डर पर स्थित है, अब बंद होने के कगार पर हैं। स्थानीय लोग पेट्रोल-डीजल लेने के लिए उत्तर प्रदेश के पेट्रोल पंपों पर जाने लगे हैं। भरतपुर के पेट्रोल पंपों पर बिक्री न होने के कारण अब पेट्रोल पंपों पर ताले लगने लगे हैं।
2 राज्यों से लगती है भरतपुर की सीमा
भरतपुर जिले की सीमा उत्तर प्रदेश व हरियाणा राज्य से लगती है। बॉर्डर पर करीब दो दर्जन पेट्रोल पंप भरतपुर जिले में संचालित हैं। यहां उत्तर प्रदेश के बजाय 11.49 रुपए प्रति लीटर पेट्रोल और 3.58 रुपए डीजल महंगा होने की वजह से लोग अब यहां के स्थानीय पेट्रोल पंपों से तेल नहीं लेते हैं । ज्यादातर लोग अब 10- 12 किलोमीटर चलने के बाद उत्तर प्रदेश के पेट्रोल पंपों से तेल लेकर आते हैं।
क्या कहना है पेट्रोल पंप के सेल्समैन का
उत्तर प्रदेश की सीमा पर स्थित पेट्रोल पंपों पर कार्यरत सेल्समैन के अनुसार पहले रोजाना हजारों लीटर डीजल-पेट्रोल की बिक्री यहां से होती थी। लेकिन जब से पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश में डीजल पेट्रोल सस्ता हुआ है तभी से हमारे बॉर्डर पर स्थित सभी पेट्रोल पंप से तेल की बिक्री खत्म हो गई है। इस वजह से पेट्रोल पंप पर ताले लगा दिए गए हैं।
किसान यूपी से ले जाते हैं डीजल
भरतपुर जिले के लोग और किसान ड्रम में भरकर उत्तर प्रदेश बॉर्डर के पेट्रोल पंपों से डीजल ले जाते हैं । कृषि कार्य के लिए किसानों को डीजल की जरूरत होती है । ट्रैक्टर-ट्रॉली में ड्रम रखकर यूपी के पेट्रोल पंपों से किसान डीजल ले जाते हैं ।