निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश
by seemasandesh
सीएमएचओ ने किया सीएचसी का निरीक्षण हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवनीत शर्मा ने रविवार को पीलीबंगा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र (सीएचसी) का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभागीय बैठक ली तथा स्वास्थ्य योजनाओं की प्रगति के बारे में भी जानकारी ली। सीएमएचओ डॉ. नवनीत शर्मा ने निरीक्षण के दौरान सीएचसी इंचार्ज डॉ. सुनील अग्रवाल एवं डॉ. हरिओम बंसल से चिकित्सकीय योजनाओं एवं स्टॉफ की जानकारी ली। विभागीय बैठक के दौरान उन्होंने चिकित्सा संस्थान पर प्रदान की जा रही चिकित्सा सेवाओं के बारे में विस्तार से जानकारी प्राप्त की तथा मरीजों को बेहतर चिकित्सा सेवाएं प्रदान कर लाभान्वित करने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने निर्माण स्थल पर जाकर कार्य का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए। ठेकेदार से निर्माण के बारे में जानकारी लेते रहें तथा ध्यान रखें कि निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा में ही पूर्ण हो।