Friday, May 15निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

नशामुक्ति के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी

  • जन जागृति अभियान के तहत हुए कार्यक्रम में एसपी ने की शिरकत
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    नशे व जुए-सट्टे के खिलाफ शहर के वार्ड पार्षदों की ओर से शुरू किए गए जन जागृति अभियान के तहत सोमवार को सुरेशिया स्थित जॉन मिल्टन लाइब्रेरी में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अजयसिंह राठौड़ ने शिरकत की। विशिष्ट अतिथि के रूप में बाल कल्याण समिति अध्यक्ष जितेन्द्र गोयल रहे। अध्यक्षता पार्षद प्रतिनिधि निरंजन नायक ने की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि एसपी डॉ. राठौड़ ने वार्ड पार्षदों के जन जागृति अभियान की सराहना की। साथ ही कहा कि नशा और जुआ-सट्टा सामाजिक बुराई है। नशे की गर्त में धंस रही युवा पीढ़ी को नशे से दूर करने के लिए सामूहिक प्रयासों की जरूरत है। कोई अकेला कुछ नहीं कर सकता। इसलिए समाज के अन्य संगठनों व जनप्रतिनिधियों को भी आगे आकर इस तरह के अभियान में अपनी आहुति देनी होगी। पार्षद प्रतिनिधि निरंजन नायक ने कहा कि नशे व जुए-सट्टे के खिलाफ वार्ड पार्षदों की ओर से पिछले कुछ दिनों से जनजागृति अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत प्रचार रथ रवाना किया गया है। रोजाना अलग-अलग क्षेत्रों में जाकर प्रचार रथ लोगों को नशे व जुए-सट्टे के खिलाफ जागरूक कर रहा है। उन्होंने एसपी डॉ. अजयसिंह राठौड़ की ओर से जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस के इस अभियान में वार्ड पार्षद हरसंभव सहयोग कर हनुमानगढ़ को नशामुक्त करने की दिशा में कार्य करेंगे। कार्यक्रम के बाद एसपी और बाल कल्याण समिति अध्यक्ष की ओर से जन जागृति अभियान के अंतर्गत प्रचार रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।