नई दिल्ली
आरंभिक सार्वजनिक पेशकश (IPO) के जरिए कमाई करने वाले निवेशकों के लिए अच्छी खबर है। असल में हर्षा इंजीनियर्स इंटरनेशनल लिमिटेड (HEIL) का आईपीओ लॉन्च हो गया है। इस आईपीओ पर 17 सितंबर, 2022 तक दांव लगाने का मौका है। वहीं, इसका इश्यू प्राइस 314 रुपये-330 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है। हर्षा इंजीनियर्स के आईपीओ में 455 करोड़ रुपये के इक्विटी शेयरों का एक नया इश्यू और मौजूदा शेयरधारकों द्वारा 300 करोड़ रुपये तक का ऑफर-फॉर-सेल (ओएफएस) शामिल है।
बीएसई के आंकड़ों से पता चलता है कि पहले दिन दोपहर 12 बजे तक इस इश्यू को 0.68 गुना सब्सक्राइब किया गया है, जिसमें रिटेल कैटेगरी 1.03 गुना, एनआईआई 0.79 गुना और कर्मचारियों ने 0.10 गुना ज्यादा बुक किया है।
जीएमपी क्या है: आईपीओ के पहले दिन हर्षा इंजीनियर्स के शेयर ग्रे मार्केट में 210 रुपये के प्रीमियम (जीएमपी) पर उपलब्ध हैं। इस लिहाज से शेयर की लिस्टिंग 540 (330+210) रुपये पर होने की उम्मीद की जा रही है। आपको बता दें कि कंपनी 26 सितंबर, 2022 को प्रमुख स्टॉक एक्सचेंज बीएसई और एनएसई पर सूचीबद्ध होने की उम्मीद है।
कौन हैं प्रमोटर्स: ओएफएस के हिस्से के रूप में राजेंद्र शाह 66.75 करोड़ रुपये तक, हरीश रंगवाला 75 करोड़ रुपये तक, पिलक शाह 16.50 करोड़ रुपये तक, चारुशीला रंगवाला 75 करोड़ रुपये और निर्मला शाह 66.75 करोड़ रुपये तक के शेयर बेचेंगे।