नई दिल्ली
एक सरकारी कंपनी अपने निवेशकों को बड़ा तोहफा देने जा रही है। यह कंपनी भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (BEL) है। सरकारी कंपनी अपने इनवेस्टर्स को 2:1 के रेशियो में बोनस शेयर देने जा रही है। यानी, कंपनी हर 1 शेयर पर 2 बोनस शेयर देगी। कंपनी के शेयर 15 सितंबर 2022 को एक्स-बोनस पर ट्रेड करेंगे। वहीं, कंपनी की तरफ से दिए जा रहे बोनस शेयर की रिकॉर्ड डेट 16 सितंबर 2022 है। भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, एयरोस्पेस और डिफेंस सेक्टर में काम करती है।
6 महीने में शेयरों ने दिया 63% से ज्यादा रिटर्न
भारत इलेक्ट्रॉनिक्स के शेयरों ने पिछले 6 महीने में जबरदस्त रिटर्न दिया है। कंपनी के शेयरों ने पिछले 6 महीने में 63.5 पर्सेंट का रिटर्न निवेशकों को दिया है। 6 महीने पहले 15 मार्च 2022 को भारत इलेक्ट्रॉनिक्स के शेयर बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज में 205.40 रुपये के स्तर पर थे। कंपनी के शेयर 14 सितंबर 2022 को बीएसई में 335.90 रुपये के स्तर पर बंद हुए हैं। इस साल अब तक सरकारी कंपनी के शेयरों में 59 पर्सेंट से ज्यादा का उछाल आया है। वहीं, पिछले एक साल में भारत इलेक्ट्रॉनिक्स के शेयर 62 पर्सेंट के करीब चढ़ गए हैं।