Tuesday, May 5निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

काटे पेड़ों की एवज में लगाए गए पौधों की करनी होगी नंबरिंग

  • सतर्कता समिति की बैठक में जिला कलक्टर नथमल डिडेल ने दिए निर्देश
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    जिला कलक्टर नथमल डिडेल की अध्यक्षता में शुक्रवार को सतर्कता समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में हुई। जिसमें जिला कलक्टर ने सुनवाई करते हुए कुल 27 मामलों में से 14 का तत्काल निस्तारण किया। वर्ष 2010 में आरएसआरडीसी द्वारा जिला मुख्यालय से सूरतगढ़ तक नई बनाई गई टोल रोड़ के दौरान काटे गए पौधों की एवज में ठेका कंपनी द्वारा 2020 में लगाए गए पौधों के मामले में जिला कलक्टर ने अब तक लगाए गए पौधों की नंबरिंग करवाने के निर्देश ठेका कंपनी को दिए। बैठक में वन विभाग ने रिपोर्ट दी कि ठेका कंपनी ने 9360 पौधों में से 5846 पौधे लगा दिए हैं जिनमें से 460 खत्म हो गए। 2953 पौधों की सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं। इस पर परिवादी गुरदेव सैनी ने कहा कि ठेका कंपनी ने नीम इत्यादि की जगह अच्छी किस्म के पौधे नहीं लगाए हैं। साथ ही उन्होने लगाए गए पौधों की हनुमानगढ़ से सूरतगढ़ तक नंबरिंग करने की मांग की ताकि लगाए गए पौधों की सही संख्या का पता लग सके। इस पर जिला कलक्टर ने वन विभाग के अधिकारियों को ठेका कंपनी को पौधों के नंबरिंग करने के निर्देश दिए। साथ ही जिला कलक्टर ने वन विभाग के अधिकारियों से कहा कि ठेका कंपनी ने नीम इत्यादि के पौधे क्यों नहीं लगाए। परिवादी गुरदेव सैनी ने जिला कलक्टर को बताया कि आरएसआरडीसी ने वर्ष 2010 में हनुमानगढ़ से सूरतगढ़ टोल रोड़ बनाते समय रोड़ किनारे 4153 पेड़ काटे थे और उनकी एवज में तीन गुना यानि 12,459 पौधे लगाए जाने थे। लेकिन दस साल तक इस पर कुछ नहीं किया। करीब डेढ़ साल पहले ये मामला उनकी तरफ से सतर्कता में दर्ज करवाया गया। उसके बाद आरएसआरडीसी ने वर्ष 2020 में पेड़ लगाने को लेकर करीब 1 करोड़ 36 लाख की निविदा जारी की। ठेका कंपनी ने सर्वे में 9360 पौधे लगाए जाने की फिजीबिलिटी रिपोर्ट प्रस्तुत की। ये पौधे ठेका कंपनी को दिसंबर 2020 तक लगाने थे और पांच साल तक रखवाली करनी थी। लेकिन ठेका कंपनी की ओर से अब तक 5846 पौधे ही लगाए हैं और केवल 2953 पौधों की सुरक्षा के ही इंतजाम किए हैं। जिला कलक्टर ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए अगली बैठक में आरएसआरडीसी के अधिकारी को तलब किया है। बैठक में एडीएम अशोक असीजा, कार्यवाहक सीईओ अवि गर्ग, टीओ सुनील ढाका, जिला रसद अधिकारी राकेश न्यौल, एसडीएम कपिल यादव, सीएमएचओ डॉ. नवनीत शर्मा, पूर्व प्रधान दयाराम जाखड़ समेत विभिन्न विभागों के संबंधित जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *