महंगाई के खिलाफ माकपा का जिला कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन
by seemasandesh
राष्ट्रपति के नाम उपखण्ड अधिकारी को सौंपा ज्ञापन हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। पेट्रोल-डीजल व रसोई गैस के दामों में प्रतिदिन हो रही बढ़ोतरी के खिलाफ शुक्रवार को भारत की कम्युनिस्ट पार्टी मार्क्सवादी के कार्यकतार्ओं ने जिला कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। इस संबंध में राष्ट्रपति के नाम उपखण्ड अधिकारी कपिल यादव के नाम ज्ञापन सौंप पेट्रोल-डीजल व रसोई गैस के बढ़ते दामों पर लगाम लगाने की मांग की। इससे पहले पार्टी कार्यकर्ता बढ़े हुए रसोई गैस के दामों व पेट्रोल-डीजल की कीमतों को वापस लेने, मोदी सरकार मुदार्बाद लिखी तख्तियां व बैनर लेकर नारेबाजी करते हुए जिला कलक्ट्रेट के मुख्य गेट पर पहुंचे और प्रदर्शन किया। गेट के सामने हुई सभा को संबोधित करते हुए माकपा जिला सचिव रघुवीर सिंह वर्मा ने कहा कि केन्द्र सरकार की नीतियों की वजह से महंगाई आसमान छू रही है। लगातार पेट्रोल-डीजल व रसोई गैस के दाम बढ़ रहे हैं। जिला मुख्यालय पर पेट्रोल 109 प्रति लीटर है। डीजल के रेट भी शतक लगा चुके हैं। यह आजादी के बाद पहली बार हो रहा है जिसके कारण महंगाई बढ़ रही है। अब गुरुवार को ही केन्द्र सरकार ने घरेलू रसोई गैस के दाम में 25.90 रुपए की बढ़ोतरी कर कोढ़ में खाज का काम किया है। पिछले 14 माह से मिलने वाली सब्सिडी भी बंद कर रखी है जिसके कारण रसोई गैस 834.50 रुपए का मिल रहा है। इससे साबित होता है कि केन्द्र की मोदी सरकार बड़े पूंजीपतियों के पक्ष में कार्य कर रही है। आम जनता का जीना दूभर हो गया है। वहीं बीएस पेंटर ने कहा कि महंगाई बढ?े का अंदाजा इससे भी लगाया जा सकता है कि अभी दूध के दाम में भी 2 रुपए की बढ़ोतरी की गई है और गैस सिलेंडर करीब 25 रुपए महंगा हो गया है। पिछले 2 महीनों में पेट्रोल के दामों में 10 प्रतिशत जबकि डीजल के दामों में 10.47 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। आमिर खान ने कहा कि मार्च 2021 के बाद फल, सब्जी, तेल, अनाज, साबुन, चाय सहित रोजमर्रा के काम आने वाली अन्य वस्तुओं के दामों में 42 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। महंगाई सातवें आसमान पर है और केन्द्र सरकार कोरोना काल में आम जनता को राहत देने की बजाय लूटने का काम कर रही है। उन्होंने महंगाई पर रोक लगाने के लिए सख्त कदम उठाने की मांग की। इस मौके पर संगीता कुमारी, प्रियंका, वारिस अली, एडवोकेट लालचंद वर्मा, वेद मक्कासर, बृजप्रकाश स्वामी, मुकदर अली, गुरनायब सिंह, रिछपाल, कमल कुमार, मंटू मंडल, इकबाल खान, गिरधारी लाल आदि मौजूद थे।