रायुप सदस्यों के नेतृत्व में एईएन को सौंपा ज्ञापन हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। डबलीबास मिड्ढा रोही के चक 8 जेआरके के वाशिंदे इस भयंकर गर्मी में पेयजल किल्लत से जूझ रहे हैं। शुक्रवार को चक के वाशिंदे राष्ट्रीय युवक परिषद के बैनर तले जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के सहायक अभियंता से मिले और पेयजल समस्या से निजात दिलाने की मांग का ज्ञापन सौंपा। परिषद जिलाध्यक्ष प्रवीण जैन के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में बताया कि डबलीबास मिड्ढा रोही के चक 8 जेआरके में पिछले कुछ दिनों से पेयजल संकट गहराया हुआ है। इस कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जिलाध्यक्ष प्रवीण जैन ने बताया कि पूर्व में पाइप लाइन से चक 8 जेकेआर में पानी की सप्लाई होती थी लेकिन वर्तमान में अधिक कनेक्शन होने के कारण घरों में पानी न के बराबर आ रहा है। भीषण गर्मी में पानी की कमी से चकवासी परेशान हैं। महिलाओं को दूर-दराज से पानी भरकर लाना पड़ता है। परिषद सदस्यों व चकवासियों ने मांग की कि चक 8 जेआरके में बड़ी पाइप लाइन डालकर 28 घरों की ढाणी में पीने के पानी की व्यवस्था करवाई जा सके। इस मौके पर सतवीर सिंह, रोहिताश कुमार, लवदीप सिंह, सुरजीत सिंह, जसकरण सिंह, सुखदीप सिंह, जसप्रीत सिंह, तरसेम सिंह, पवन कुमार, रविन्द्र सिंह, गुरपेन्द्र सिंह, हरविन्द्र सिंह, जगविन्द्र सिंह सहित कई ग्रामीण मौजूद थे।