एनजीसी नहर में सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध करवाने की मांग
by seemasandesh
किसानों ने जिला कलक्टर को सौंपा ज्ञापन हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। एनजीसी नहर में सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध करवाने की मांग को लेकर किसानों ने शुक्रवार को जिला कलक्टर को हर्षवर्धन झींझा के नेतृत्व में ज्ञापन सौंपा। किसानों ने बताया कि गांव सूरेवाला से गांव सतीपुरा तक एनजीसी नहर जिले की मुख्य नहर परियोजना इंदिरा गांधी नहर से जुड़ी हुई है। एनजीसी नहर में इन दिनों केवल पेयजल के लिए पानी उपलब्ध करवाया जा रहा है। धान रोपाई के लिए मध्य जून से जुलाई अन्त माह तक का समय उपयुक्त होता है परन्तु इस समय किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी न मिल पाने के कारण खेतों में धान की रोपाई का कार्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने बताया कि गांव सूरेवाला से सतीपुरा तक का क्षेत्र कृषि प्रधान क्षेत्र है। प्रतिवर्ष यहां पर धान की काफी बड़े क्षेत्र में रोपाई की जाती है। यह क्षेत्र राजस्थान में राइस बैल्ट के नाम से विख्यात है। परन्तु अब इस क्षेत्र के किसानों को सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध नहीं हो पा रहा तथा धान की रोपाई में किसानों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। धान की फसल के लिए अधिक पानी की आवश्यकता होती है। इस कारण किसानों को धान की फसल की सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी की आवश्यकता है। परन्तु एनजीसी नहर में केवल पेयजल के लिए पानी उपलब्ध करवाया जा रहा है। पिछले कई माह से इंदिरा गांधी नहर में मरम्मत कार्य होने के कारण एनजीसी नहर में पानी बन्द कर दिया गया था। किसानों ने जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपकर एनजीसी नहर में पर्याप्त सिंचाई पानी उपलब्ध करवाने के लिए सिंचाई विभाग के अधिकारियों को दिशा-निर्देश देकर किसानों को राहत पहुंचाने की मांग की। साथ ही किसानों ने चेतावनी दी कि यदि दो दिन में एनजीसी नहर में सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध नहीं करवाया गया तो किसान मजबूरन अपनी फसल को बचाने के लिए बड़ा आन्दोलन करेगा। इस मौके पर तुफैर मोहम्मद झोरड़, मोहम्मद उमर, अरमान मोहम्मद, मनदीप सहारण, कमल सिंह, सुखविन्द्र सिंह, तालब खां सहित कई किसान मौजूद थे।