Saturday, June 20निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

बालश्रम कर रहे करीब आधा दर्जन बालक दस्तयाब

  • बिना परमिट बाहर के मजदूरों से काम करवाने वाले दुकानदारों को किया पाबंद
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    राज्य सरकार की मंशानुसार जिले को बालश्रम व भिक्षावृत्ति मुक्त करने की दिशा में कार्य कर रही बाल कल्याण समिति ने शुक्रवार को बालश्रम विभाग व मानव तस्करी विरोधी यूनिट के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए टाउन क्षेत्र में स्थित होटलों व ढाबों का औचक निरीक्षण कर करीब आधा दर्जन बाल श्रमिक मुक्त करवाए। साथ ही बिना परमिट राजस्थान के बाहर के मजदूरों से कार्य करवाने वाले होटल व ढाबा मालिकों को पाबंद किया गया। इस कार्रवाई से होटल व ढाबा मालिकों में हड़कम्प मच गया। बाल कल्याण समिति अध्यक्ष जितेन्द्र गोयल ने बताया कि बालश्रम रोकने के लिए समिति ने मानव तस्करी विरोधी यूनिट व श्रम विभाग टीम के साथ मिलकर टाउन में कई होटलों और ढाबों की जांच की। इन पर बालश्रम कर रहे करीब आधा दर्जन बच्चों को दस्तयाब किया गया। जिन होटलों पर प्रवासी श्रमिक काम कर रहे थे और उनका परमिट नहीं था उन होटल व ढाबा मालिकों को चेतावनी दी गई। उनके खिलाफ श्रम विभाग की ओर से नोटिस जारी किया जाएगा। वहीं होटलों व ढाबों से दस्तयाब किए गए बालकों को उनके परिजनों को सौंपा गया। परिजनों से समझाइश की गई कि वे बच्चों से भविष्य में बालश्रम न करवाएं। बालश्रम करवाते पाए जाने पर उनके खिलाफ समिति की ओर से कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही जिन होटलों से बालकों को दस्तयाब किया गया है उन होटल मालिकों को नोटिस दिया गया है। इसके खिलाफ जो कार्रवाई बनेगी वह संबंधित होटल व ढाबा मालिक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। समिति अध्यक्ष गोयल ने बताया कि प्रवासी श्रमिकों के परमिट संबंधित होटल व ढाबा मालिक से मंगवाए गए हैं। अगर वे परमिट नहीं प्रस्तुत कर पाते तो कार्रवाई की जाएगी। वहीं ऐसे बालक जिन्हें उनके मां-बाप की इच्छा के बगैर दलाल यहां लेकर आए हैं और बालश्रम करवा रहे हैं उनके खिलाफ समिति की ओर से प्रभावी कार्रवाई की जाएगी। वहीं बालश्रम अधिकारी अमरचन्द लहरी ने बताया कि जिला कलक्टर के निदेर्शानुसार संयुक्त टीम की ओर से बालश्रम कर रहे बालकों को दस्तयाब करने की कार्रवाई की गई है। उन्होंने बताया कि ऐसे होटल व ढाबा जिन पर राजस्थान से बाहर के मजदूरों को नियमित कर रखा है उनका लाइसेंस नहीं लिया गया। इसके लिए संबंधित होटल व ढाबा मालिक को पाबंद किया गया है। उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। बहुत सारे ऐसे दुकानदार हैं जिन्होंने दुकान या मकान बना लेकिन लैबर सैस जमा नहीं करवाया उनके खिलाफ भी सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। यह कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि उनका प्राथमिक प्रयास यही है कि लोग समझाइश व जागरूकता से समझ जाएं और बालश्रम न करवाएं। अन्यथा सुधार नहीं हुआ तो सख्ती बरतते हुए नोटिस देकर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई में बाल कल्याण समिति सदस्य सुमन सैनी व अनुराधा सहारण सहित मानव तस्करी विरोधी यूनिट के सदस्य शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *