अनाज मंडी में फसलों की सरकारी खरीद शुरू करने की मांग हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। किसानों की खरीफ की फसल नरमा, ग्वार, धान व मूंग की सरकारी खरीद करने तथा धानमंडी में मजदूर को काम देने की मांग को लेकर अनाज मण्डी पल्लेदार मजदूर यूनियन (सीटू) के बैनर तले मजदूरों ने गुरुवार को जिला कलक्ट्रेट के समक्ष प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद मुख्यमंत्री के नाम उपखण्ड अधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया। इससे पहले जिला कलक्ट्रेट के गेट के सामने हुई सभा को संबोधित करते हुए सीटू नेता आत्मासिंह ने कहा कि किसानों की खरीफ की फसल नरमा, ग्वार, मूंग, धान की फसल की सरकारी खरीद अनाज मंडियों में न होने से किसानों को मजबूरी में अपनी जिंस निजी व्यापारियों को कम कीमत पर बेचनी पड़ रही है। इस कारण किसानों को भारी आर्थिक नुकसान हो रहा है। साथ ही अनाज मंडियों में फसल नहीं आने से मंडियों में भराई, झराई, तुलाई, लदवाई का काम करने वाले हजारों मजदूरों को रोजगार नहीं मिल रहा है। इससे मजदूर अपने परिवारों सहित भूखे मरने की कगार पर हैं। उन्होंने मांग की कि जल्द से जल्द खरीफ की फसलों की सरकारी खरीद अनाज मंडियों में शुरू की जाए ताकि अनाज मण्डी में मजदूरी करने वाले हजारों श्रमिकों को मजदूरी और किसानों को अपनी फसल का उचित भाव मिल सके। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि फसलों की सरकारी खरीद शुरू नहीं की गई तो हजारों मजदूर और किसान मजबूरन संघर्ष का रास्ता अपनाएंगे। इस मौके पर सरपंच बलदेव सिंह, बहादुर सिंह चौहान, बीएस पेंटर आदि मौजूद थे।