Sunday, May 17निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

गोवा कांग्रेस में फूट पर हिमंत बिस्वा सरमा ने दी सफाई

नई दिल्ली
गोवा कांग्रेस में हुई बड़ी फूट को लेकर असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने सफाई दी है। उन्होंने कहा कि तटीय राज्य में कांग्रेस विधायकों के पार्टी छोड़ने में उनका कोई हाथ नहीं है। कांग्रेस की तरफ से आरोप लगाए गए थे विधायकों के दल बदलने के पीछे सीएम सरमा का हाथ है। बुधवार को कांग्रेस के 11 में से 8 विधायकों ने भाजपा का दामन थाम लिया था। इनमें राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री दिगंबर कामत का नाम भी शामिल है।
सीएम सरमा ने कहा, ‘मुझे नहीं पता कि क्यों कांग्रेस मेरी भूमिका को लेकर आरोप लगाती रहती है। मैं कभी भी राजनीतिक रूप से गोवा नहीं गया।’ साथ ही उन्होंने कहा कि अगर आपको राजनीति करनी है, तो आपको जनता के आशीर्वाद से करनी होगी…। सरमा बोले कि लोकतंत्र में हमेशा ‘लोगों द्वारा’ होता है।
इस दौरान उन्होंने विधायकों को 30 करोड़ रुपये दिए जाने के आरोपों पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, ‘मुझे समझ नहीं आता कि कांग्रेस कैसे उनपर इस तरह के आरोप लगा सकती है, जो एक दिन पहले ही उनकी पार्टी में थे। लोग एक रात में भ्रष्ट नहीं बनते हैं। अगर आपको लगता है कि किसी ने 30 करोड़ रुपये लिए हैं, तो वह शख्स आपकी पार्टी कैसे आगे बढ़ा?’