हैदराबाद
तेलंगाना में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले उसकी राजधानी हैदराबाद राजनीति का अखाड़ा बनी हुई है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव शनिवार को हैदराबाद में अलग-अलग जगह पर राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे। दरअसल केंद्र पहली बार 17 सितंबर को “हैदराबाद मुक्ति दिवस” के रूप में मनाएगा। भारत की आजादी के एक साल बाद, निजाम के अधीन रहा पूर्व हैदराबाद रियासत का 17 सितंबर को भारतीय संघ में विलय हुआ था।
अमित शाह 17 सितंबर को ‘हैदराबाद मुक्ति दिवस’ समारोह का उद्घाटन करेंगे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के कार्यक्रम में शामिल होंगे। शहर के परेड मैदान पर 17 सितंबर की सुबह, केंद्र सरकार की ओर से आयोजित होने वाले समारोह में शाह मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होंगे। केंद्रीय पर्यटन और संस्कृति मंत्री जी. किशन रेड्डी ने ट्वीट किया, “1948 में सरदार पटेल ने हैदराबाद के भारत संघ में विलय के बाद तिरंगा फहराया था। अब 75 वर्ष बाद, माननीय गृहमंत्री अमित शाह राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे और हैदराबाद मुक्ति दिवस समारोह की शुरुआत करेंगे।” पार्टी की ओर से बृहस्पतिवार को जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया कि मुक्ति दिवस समारोह के बाद शाह तेलंगाना में भाजपा के प्रमुख नेताओं के साथ एक बैठक करेंगे। पार्टी ने कहा की बाद में शाह सिकंदराबाद में मोदी के जन्मदिन पर आयोजित कार्यक्रम में भाग लेंगे।