Tuesday, May 12निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

मुंबई इंडियंस के बाद पंजाब किंग्स को मिला नया कोच, अनिल कुंबले की जगह ट्रेवर बेलिस होंगे टीम के नए मुख्य कोच

नई दिल्ली

इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की टीम पंजाब किंग्स ने इस फ्रेंचाइजी आधारित टी20 टूर्नामेंट के अगले सत्र से पहले शुक्रवार को ट्रेवर बेलिस को अपना नया मुख्य कोच नियुक्त किया। बेलिस को अनिल कुंबले की जगह मुख्य कोच बनाया गया है। पूर्व भारतीय कप्तान कुंबले के रहते हुए टीम अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाई, जिसके बाद पंजाब किंग्स ने उनके अनुबंध का नवीनीकरण नहीं किया।
बेलिस ने फ्रेंचाइजी द्वारा जारी बयान में कहा,” मैं पंजाब किंग्स का मुख्य कोच नियुक्त किए जाने पर सम्मानित महसूस कर रहा हूं। पंजाब किंग्स ऐसी फ्रेंचाइजी है जो सफलता की भूखी है। मैं प्रतिभाशाली खिलाड़ियों से भरी इस टीम के साथ काम करने के लिए उत्सुक हूं।”

बेलिस बेहद अनुभवी कोच हैं। उनके रहते हुए इंग्लैंड ने 2019 में 50 ओवरों का विश्व कप जीता था। कोलकाता नाइट राइडर्स ने 2012 और 2014 में बेलिस के रहते हुए आईपीएल खिताब जीते थे, जबकि उन्होंने सिडनी सिक्सर्स को बिग बैश लीग खिताब दिलाने में भी अहम भूमिका निभाई थी।