Tuesday, May 12निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

स्कूल बस की टक्कर से पांच वर्षीय छात्र की मौत

  • सदर थाना क्षेत्र के गांव भाम्भूवाली ढाणी का मामला
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    छुट्टी के बाद स्कूल से घर लौट रहे पांच साल के मासूम बालक की एक अन्य स्कूल की बस की टक्कर लगने से मौत हो गई। मृतक बालक कक्षा दो में अध्ययनरत था जो गांव के ही निजी स्कूल में पढ़ता था। हादसा सदर पुलिस थाना क्षेत्र के गांव भाम्भूवाली ढाणी में गुरुवार दोपहर को हुआ। सदर पुलिस ने शुक्रवार को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखा शव पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया। इस संबंध में मृतक बालक के पिता की रिपोर्ट पर सदर थाना में स्कूल बस के चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है। जानकारी के अनुसार पूर्णराम पुत्र भजनलाल भाट निवासी वार्ड 5, भाम्भूवाली ढाणी ने बताया कि उसका लड़का रविन्द्र (5) निजी स्कूल में कक्षा दो में अध्ययनरत था। रविन्द्र गुरुवार को स्कूल की छुट्टी होने के बाद दोपहर करीब 2 बजे घर आ रहा था। जब वह घर के नजदीक गली में पहुंचा तो गोलूवाला के नोबल स्कूल की बस नम्बर आरजे 31 पीए 4884 के चालक ने वाहन को तेज व लापरवाही से चलाकर साइड में चल रहे रविन्द्र के टक्कर मार दी। मौके पर मौजूद साहबराम पुत्र श्योपतराम रविन्द्र को निजी साधन से हनुमानगढ़ टाउन के राजकीय जिला चिकित्सालय लेकर गया। वह भी सूचना मिलने पर अस्पताल पहुंचा लेकिन डॉक्टर ने जांच कर रविन्द्र को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने स्कूल बस के चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच हैड कांस्टेबल भूपसिंह को सौंपी है।