जिले में चल रहे करीब डेढ़ दर्जन नशामुक्ति केन्द्र, मान्यता प्राप्त सिर्फ आधा दर्जन को
by seemasandesh
मापदंडानुसार नहीं चल रहे नशामुक्ति केन्द्रों के संचालकों के खिलाफ की जाएगी सख्त कार्रवाई : जिला कलक्टर हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। जिला कलक्टर नथमल डिडेल की अध्यक्षता में बुधवार को जिला कलक्ट्रेट सभागार में जिला स्तर पर हुई मीटिंग में वरिष्ठ नागरिकों व माता-पिता के भरण-पोषण, जिले में नशे व अवैध कारोबार पर रोकथाम, चाइल्ड लेबर की समाप्ति सहित अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई। बैठक में जनप्रतिनिधियों एवं सभी विभागों के समन्वय से यह तय किया गया है कि जिले में आगामी दिनों में र्इंट भट्ठों के चालू होने की स्थिति में बाल कल्याण समिति व र्इंट भट्ठा एसोसिएशन, शिक्षा विभाग के साथ मिलकर वंचित भट्ठा मजदूरों के बच्चों को आंगनबाड़ी-स्कूल से जोड़ा जाएगा। र्इंट भट्ठा एसोसिएशन सहित सबकी मदद से इन बच्चों को पोषाक, ड्राइंग शीट, एक्सरसाइज करने के लिए बुक उपलब्ध करवा अच्छा वातावरण उपलब्ध करवाया जाएगा ताकि वह बच्चे व उनके माता-पिता शिक्षा के महत्व को समझ सकें। जिला कलक्टर नथमल डिडेल ने कहा कि हनुमानगढ़ जिला पंजाब और हरियाणा के बॉर्डर से सटा हुआ है। इस कारण नशे का कारोबार लगातार बढ़ता जा रहा है। पुलिस की ओर से भी लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। चिकित्सा विभाग की ओर से नशामुक्ति के कैम्प भी लगाए जा रहे हैं। लेकिन चिंता की बात है कि बावजूद इसके समाज में नशाखोरी की आदत लगातार बढ़ती जा रही है। इस सामाजिक बुराई को समाप्त करने के लिए समाज का सहयोग बड़ा अपेक्षित है। हर व्यक्ति जब आगे आएगा, अपने बच्चों का ध्यान रखेगा। तब हम नशे पर कंट्रोल कर पाएंगे। डिडेल ने बताया कि जिले में करीब 17-18 नशामुक्ति केन्द्र चल रहे हैं। लेकिन इनमें से मात्र 6 केन्द्रों ने अभी तक समाज कल्याण विभाग की तरफ से एनओसी और मान्यता प्राप्त की है। अन्य केन्द्रों का निरीक्षण करवाया जा रहा है। उन्हें प्रेरित किया जा रहा है कि राजस्थान सरकार की तरफ से जारी गाइड लाइन के अनुरूप कार्य करें। डिडेल ने बताया कि नशामुक्ति केन्द्रों की शिकायतें भी मिलती रहती हैं। जिला प्रशासन यह सुनिश्चित करेगा कि गलत तरीके से या मापदंडों के अनुसार नहीं चल रहे नशामुक्ति केन्द्रों के संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। आकस्मिक निरीक्षण भी करवाया जाएगा। जिला कलक्टर ने बताया कि वृद्ध नागरिकों एवं भरण पोषण के संबंधित मामलों में सभी उपखण्ड अधिकारियों को लिखा गया है कि उनके यहां चल रहे मामलों को आगामी तीस दिनों में निस्तारित कर माता-पिता एवं वृद्ध नागरिकों को सम्बलन प्रदान करें। बैठक में समाज कल्याण अधिकारी विक्रमसिंह, सीओ प्रहलाद राय, मानव तस्करी विरोधी यूनिट प्रभारी इन्द्रचन्द मीणा, नगर परिषद एक्सईएन सुभाष बंसल सहित अन्य विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।