Monday, September 28निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

आमिर खान के तलाक के बाद सोशल मीडिया पर टॉप ट्रेंड में हैं फातिमा सना शेख, अफेयर की अफवाहों को पहले ही नकार चुकी हैं ‘दंगल गर्ल’

बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान की दूसरी शादी भी टूट चुकी है। आमिर और किरण ने एक साझा बयान जारी कर यह खबर दी है। आमिर खान के तलाक की खबर आते ही ‘दंगल गर्ल’ के नाम से मशहूर 29 साल की फातिमा सना शेख सोशल मीडिया पर टॉप ट्रेंड में है। दरअसल, आमिर और फातिमा 2016 में सुपरहिट फिल्म दंगल में को-स्टार रह चुके हैं। इस फिल्म में साथ काम करने के दौरान ही दोनों की नजदीकियों की खबरें आने लगी थीं।

इसके बाद जब फातिमा सना शेख को ‘ठग्स ऑफ हिंदोस्तां’ फिल्म के लिए भी साइन किया गया तब यह कहा जाने लगा कि आमिर ने खुद फातिमा को साइन करने का आग्रह किया था। लेकिन किरण राव ने तब यह स्टेटमेंट दिया था कि फातिमा को फिल्म में साइन करना आमिर का फैसला नहीं था। क्रिएटिव टीम ने साथ मिलकर ही फातिमा को इस किरदार के लिए चुना था। तब भी ऐसी खबरें आईं कि आमिर फातिमा के किरदार पर ज्यादा फोकस कर रहे हैं। इस बात को लेकर फिल्म की दूसरी एक्ट्रेस कैटरीना कैफ के भी नाखुश होने की बात सामने आई थी।

फातिमा ने नकारा था आमिर से रिश्ता

आमिर खान के साथ अपने अफेयर की अफवाहों को फातिमा ने नकार दिया था। फातिमा ने कहा था कि आमिर उनके मेंटर हैं। फातिमा ने कहा था, ‘अनजान लोग हमारे बारे में कुछ भी सोचते या बोलते रहते हैं। कभी-कभी इन बातों का मुझ पर प्रभाव भी पड़ता है। लेकिन अब मैं इन सब बातों के बीच जीना सीख रही हूं’। वहीं, आमिर ने इन अफवाहों के बारे में कभी कुछ नहीं कहा ।

चाइल्ड आर्टिस्ट से हीरोइन बनी थीं फातिमा

फातिमा सना शेख को 1997 में आई कॉमेडी फिल्म ‘चाची 420’ में बतौर चाइल्ड आर्टिस्ट्स कमल हासन की बेटी के रोल में उन्हें खूब पसंद किया गया। इसके बाद वे ‘वन टू का फोर’, ‘बड़े दिलवाला’ जैसी फिल्मों में भी बतौर चाइल्ड आर्टिस्ट दिखाई दी थीं।

इसके बाद बतौर एक्ट्रेस फातिमा ‘बिट्टू बॉस’ और ‘आकाशवाणी’ जैसी फिल्मों में नजर आईं। हालांकि, उन्हें पहचान 2016 में आई फिल्म ‘दंगल’ से मिली। इसमें उन्होंने महावीर फोगाट (आमिर खान) की बेटी गीता फोगाट का रोल किया था। इसके बाद फातिमा ‘ठग्स ऑफ हिंदोस्तां’ 2018 में दिखाई दी थीं। पिछले साल वह फिल्म ‘लूडो’, ‘सूरज पे मंगल भारी’ जैसी फिल्मों में नजर आई थीं। इस साल वह नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई फिल्म अजीब दास्तांस में भी दिख चुकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *