Tuesday, May 12निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

भद्रकाली रोड पर नीम कॉरिडोर का उद्घाटन

  • जिला प्रमुख, पूर्व मंत्री, जिला कलक्टर ने किया उद्घाटन
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    टाउन से भद्रकाली रोड पर नीम कॉरिडोर का उद्घाटन सोमवार को प्रथम नवरात्रा पर जिला प्रमुख कविता मेघवाल, पूर्व मंत्री डॉ. रामप्रताप, जिला कलक्टर नथमल डिडेल, एसडीएम डॉ. अवि गर्ग, ग्राम पंचायत अमरपुरा थेहड़ी के सरपंच रोहित स्वामी व वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. पारस जैन ने किया। भद्रकाली क्षेत्र विकास सेवा समिति व हनुमानगढ़ सेवा समिति (भारत क्लब) की ओर से जनसहयोग से टाउन से भद्रकाली मंदिर तक सड़क के दोनों ओर देहरादून से मंगवाए गए करीब 7 से 8 फीट ऊंचे नीम के लगभग 2000 पौधे लगाए जा रहे हैं। नीम कॉरिडोर के उद्घाटन के साथ ही पौधरोपण कार्य की शुरूआत सोमवार को हो गई। इस मौके पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला कलक्टर नथमल डिडेल ने कहा कि भद्रकाली क्षेत्र विकास सेवा समिति व हनुमानगढ़ सेवा समिति (भारत क्लब) की ओर से अनुकरणीय कार्य की शुरूआत की गई है। पहले इस मार्ग पर अतिक्रमण किया हुआ था। यह सड़क रिकॉर्ड में करीब 82 फीट चौड़ी है लेकिन किसानों व अन्य लोगों की समस्या को ध्यान में रखते हुए दो-तीन फीट तक अतिक्रमण नहीं हटाया गया है। शेष सड़क को अतिक्रमणमुक्त करवा दिया गया है। डिडेल ने कहा कि आने वाले समय में यह मार्ग नीम कॉरिडोर के नाम पर विकसित होगा। इससे हम सबकी पर्यावरण के प्रति जो जिम्मेदारी है उसका भी निर्वहन होगा। जिला प्रमुख कविता मेघवाल ने कहा कि पेड़ों की कमी का खामियाजा कोरोना काल में आॅक्सीजन की कमी के रूप में भुगतना पड़ा। अगर लोग पौधरोपण के प्रति जागरूक होंगे तो भविष्य में इस तरह का संकट नहीं आएगा। उन्होंने समिति के प्रयासों को सराहा। ग्राम पंचायत सरपंच रोहित स्वामी ने बताया कि 82 फीट मंजूरशुदा अतिक्रमणों के कारण करीब 10 फीट रह गई थी। लेकिन सभी के प्रयासों से अतिक्रमण हटा। उन्होंने कहा कि अतिक्रमणों के कारण भद्रकाली माता के मेले के समय श्रद्धालुओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था। दुर्घटनाएं होती रहती थीं। सड़क के दोनों तरफ हुए अतिक्रमण हटाने की मांग कई बार की गई। इसका परिणाम यह हुआ कि यह सड़क अतिक्रमणमुक्त हुई। उन्होंने भी भद्रकाली क्षेत्र विकास सेवा समिति व हनुमानगढ़ सेवा समिति (भारत क्लब) की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस रोड को नीम कॉरिडोर का रूप देने में जो भी सहयोग मांगा जाएगा वह ग्राम पंचायत की ओर से दिया जाएगा। भद्रकाली क्षेत्र विकास सेवा समिति के अध्यक्ष भगवान सिंह खुड़ी ने कहा कि आज वर्षांे पुराना सपना पूरा होने जा रहा है। कोरोनाकाल से सीख लेते हुए व पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए नीम कॉरिडोर बनाने का फैसला किया गया था जिसका जिम्मा भद्रकाली क्षेत्र विकास सेवा समिति व हनुमानगढ़ सेवा समिति ने अपने कंधों पर लिया था। अन्य बड़े शहरों में जाते थे तो वहां जगह-जगह लगे पेड़ देखते तो सोचते थे कि कृषि प्रधान जिला होने के बावजूद हनुमानगढ़ में वृक्षों की संख्या नाममात्र की है। लेकिन जिला प्रशासन धन्यवाद का पात्र है जिन्होंने मांग करने पर इस मार्ग को नीम कॉरिडोर का दर्जा मिला। अगर सबका इसी तरह सहयोग रहा तो इस नीम कॉरिडोर को भव्य रूप दिया जाएगा। यह कॉरिडोर शहर से बाहर से आने वाले लोगों के आकर्षण का केन्द्र होगा। उन्होंने बताया कि 1910 में पाली के सुमेरपुर में बने नीम कॉरिडोर की तर्ज पर हनुमानगढ़ में भी नीम कॉरिडोर विकसित किया जा रहा है। नीम कॉरिडोर के उद्घाटन कार्यक्रम में रामकुमार मंगवाना, सुनील धूड़िया, सुशील जैन, विनोद गर्ग, मणिशंकर, यशपाल मुंजाल, रूपेश कालड़ा, डॉ. मोहन लाल शर्मा, रमेश काठपाल, देवकीनन्दन, सन्तोख सिंह, संतराम जिंदल, राजकुमार सोढा, सतीश बंसल, वीपी गोयल, सूरजभान मित्तल, इंद्रजीत चराया, अतुल धींगड़ा, अमरसिंह सिहाग, नरेंद्र भालेरी, बलकरण सिंह, दीपक शर्मा, गुलजार अहमद, पुष्पेन्द्र सिंह, डॉ. जगतार सिंह, पीआरओ सुरेश बिश्नोई, लियाकत अली, सुरेंद्र सिंह राजावत, डॉ. प्रदीप सहारण, डॉ. नरेश सकलेचा, राजकुमार हिसारिया, अनिल अग्रवाल, अमरसिंह राठौड़, मदन बांठिया, छत्रसाल सिंह राघव, भीमसिंह राघव, विजयसिंह राठौड़, मोहम्मद असलम, केवल कृष्ण काठपाल, हनुमान सिंह, बलदेव सिंह, विनोद वर्मा, राजेश प्रेमजानी, सुरेन्द्र सिंह, रणजीत सिंह, सुमनप्रीत सिंह, पालसिंह, दलपत सिंह, अजीतसिंह राठौड़, ओम भादू, रितेश आदि मौजूद थे।