साबुन के डिब्बों में छिपाकर लाई जा रही करोड़ों की ड्रग्स जब्त
by seemasandesh
बीएसएफ जवानों को करीमगंज में मिली बड़ी कामयाबी नई दिल्ली. ड्रग्स तस्करी पर पुलिस, एनसीबी और सुरक्षाबलों की सख्ती बढ़ने के बाद स्मग्लर तस्करी के नए-नए तरीके अपना रहे हैं। आज असम के ड्रग्स तस्करी के एक नए खेल का खुलासा हुआ। यहां ट्रक में ड्राइवर की केबिन में बनाए गए गुप्त तहखाने में साबुन की डिब्बियों में छिपाकर करोड़ों की हेरोइन लाई जा रही थी। जिसे बीएसएफ और पुलिस के जवानों ने संयुक्त कार्रवाई में जब्त किया। मिली जानकारी के अुसार असम के करीमगंज जिले में मंगलवार को बीएसएफ और असम पुलिस की संयुक्त टीम ने एक ट्रक से 47 करोड़ रुपये से अधिक की हेरोइन जब्त की। एक पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि हेरोइन को मंगलवार तड़के न्यू करीमगंज रेलवे स्टेशन के पास एक ट्रक से जब्त किया गया, जब यह मिजोरम से करीमगंज होते हुए त्रिपुरा जा रहा था। 764 साबुन की डिब्बियों में भरा था ड्रग्स पुलिस अधिकारी ने बताया कि विशेष सूचना के आधार पर बीएसएफ और करीमगंज पुलिस के जवानों ने ट्रक को रोका। ट्रक की गहन तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान ट्रक के ड्राइवर केबिन से 764 साबुन की थैलियों में भरी हेरोइन को जब्त किया गया। बताया गया कि जब्त हेरोइन का वजन करीब 9.47 किलोग्राम है और इसकी अनुमानित कीमत 47.4 करोड़ रुपये है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि ट्रक के चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। उससे पूरे सिंडिकेट के खुलासे के लिए पूछताछ की जा रही है। ड्रग्स तस्करी के तरीके से चालक वाकिफ था। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि वह पहले भी ड्रग्स की कई खेपों को इधर से उधर पहुंचा चुका होगा। फिलहाल ड्रग्स तस्करी के इस गिरोह के खुलासे का इंतजार है। पुलिस पूछताछ के बाद छापेमारी अभियान चला सकती है।