अस्थाई पटाखा बिक्री लाइसेंस के लिए जंक्शन से 101 व टाउन से 270 आवेदन प्राप्त
by seemasandesh
19 अक्टूबर को निकाली जाएगी लॉटरी हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। दीपावली त्योहार पर ग्रीन आतिशबाजी के क्रय एवं विक्रय के लिए अस्थाई अनुज्ञा पत्र प्राप्त करने का शुक्रवार को अंतिम दिन था। अस्थाई पटाखा बिक्री लाइसेंस के लिए जंक्शन से 101 व टाउन से 270 आवेदन उपखण्ड कार्यालय में प्राप्त हुए हैं। 19 अक्टूबर को लॉटरी निकाली जाएगी। उपखण्ड अधिकारी डॉ. अवि गर्ग ने बताया कि दीपावली त्योहार के दृष्टिगत पटाखा बिक्री की अस्थाई दुकानों के लाइसेंस के लिए उपखण्ड कार्यालय की ओर से आवेदन मांगे गए थे। नगर परिषद की ओर से पटाखों की अस्थाई दुकानों के लिए दो जगह निर्धारित की गई है। जंक्शन के गांधीनगर में शमशान भूमि के नजदीक व टाउन में दशहरा ग्राउंड में दुकानें लगेंगी। इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्र में गांव रोड़ांवाली, पक्कासारणा व डबलीराठान में भी पटाखों के विक्रय के लिए जगह निर्धारित की गई है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को आवेदन का अंतिम दिन था। जंक्शन में करीब 101 व टाउन में करीब 270 आवेदन प्राप्त हुए हैं। नगर परिषद के सभागार में 19 अक्टूबर को लॉटरी निकाली जाएगी। लॉटरी प्रक्रिया के जरिए तीन दिन के लिए पटाखों की बिक्री की अस्थाई दुकानों के लिए लाइसेंस दिए जाएंगे। दुकानों के लिए नगर परिषद की ओर से मानचित्र बनाया जाएगा। बिजली, पानी की व्यवस्था की जाएगी। सुरक्षा के दृष्टिगत नगर परिषद को पटाखा विक्रय स्थल पर फायर ब्रिगेड की व्यवस्था करने के लिए निर्देशित किया गया है। वहीं लाइसेंस लेने वाले पटाखा विक्रेता के लिए भी मिट्टी की बाल्टी, पानी, आग बुझाने का यंत्र दुकान पर रखने की शर्त रहेगी। बकायदा इसकी समय-समय पर जांच की जाएगी। इसके अभाव में लाइसेंस रद्द कर दिया जाएगा। इस बार भी ग्रीन पटाखों की बिक्री की जाएगी। गौरतलब है कि दीपावली त्योहार पर ग्रीन आतिशबाजी के क्रय एवं विक्रय के लिए अस्थाई अनुज्ञा पत्र प्राप्त करने के लिए 10 से 14 अक्टूबर तक आवेदन मांगे गए थे। आतिशबाजी के क्रय-विक्रय का समय सुबह 8 बजे से शाम 7 बजे तक रहेगा। शहरी-ग्रामीण क्षेत्र के लिए 19 अक्टूबर को सुबह 11 बजे नगर परिषद आयुक्त कार्यालय हनुमानगढ़ में टाउन क्षेत्र (दशहरा मैदान दुकान संख्या 1 से 89 राजवी पैलेस के पास 100 फीट रोड दुकान संख्या 90 से 200), जंक्शन क्षेत्र (ताराचंद वाटिका हनुमानगढ़ जंक्शन दुकान संख्या 1 से 170), डबलीबास मौलवी (शहीद चमकौर सिंह राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय खेल मैदान दुकान संख्या 1 से 22), पक्कासारणा (शहीद ओमप्रकाश ज्याणी स्टेडियम दुकान संख्या 1 से 14), रोड़ांवाली (राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय खेल मैदान रोड़ांवाली दुकान संख्या 1 से 15) लॉटरी निकाली जाएगी। वहीं 20 एवं 21 अक्टूबर को अस्थाई अनुज्ञा पत्र वितरण किए जाएंगे। यह अनुज्ञापत्र 22 अक्टूबर से 24 अक्टूबर तक ही मान्य होंगे।