नई दिल्ली
गौतम अडानी की कंपनी अडानी ट्रांसमिशन ने बृहन्मुंबई महानगर पालिका (बीएमसी) की सब्सिडयरी के साथ उसने 10.80 लाख स्मार्ट मीटर लगाने और उनकी देखरेख का करार किया है। सूत्रों ने बताया कि अडानी ट्रांसमिशन की सहायक अडानी इलेक्ट्रिसिटी मुंबई और बीएमसी की सब्सिडयरी बृहन्मुंबई बिजली आपूर्ति एवं परिवहन (बेस्ट) के बीच यह करार 1,300 करोड़ रुपये में हुआ है। हालिया करार के तहत कंपनी को 30 महीने के दौरान स्मार्ट मीटर लगाने हैं और इसके अगले 90 महीने तक इनकी देखरेख करनी है।
आपको बता दें कि अडानी ट्रांसमिशन की सहायक अडानी इलेक्ट्रिसिटी मुंबई उपनगरों में बिजली वितरित करती है। अडानी समूह की इस कंपनी की प्रतिस्पर्धा टाटा पावर के साथ रहती है। अडानी ट्रांसमिशन की नई सफलता से कंपनी का दायरा बढ़ेगा और यह टाटा पावर के लिए चुनौती बन सकती है।
ग्राहकों को क्या फायदा: बहरहाल, अडानी ट्रांसमिशन की सहायक कंपनी द्वारा इस तरह के मीटर लगाए जाने पर उपभोक्ता अपनी खपत के बारे में ऑनलाइन जानकारी प्राप्त कर सकेंगे और उसी के अनुसार कदम भी उठा सकेंगे। इसमें प्रीपेड बिलिंग तथा अन्य सुविधाएं भी मिलेंगी।
अडानी ट्रांसमिशन में वितरण के मुख्य कार्यकारी कंदर्प पटेल के मुताबिक हम समयबद्ध तरीके से और उम्मीदों के अनुरूप यह परियोजना पूरी करेंगे।