सीमा सन्देश न्यूज
थालड़का। गांव के मुख्य बस स्टैंड से ग्राम पंचायत एवं पीएनबी बैंक को जाने वाली बाजार की मुख्य गली में पिछले 2 माह से पेयजल पाइप लीकेज होने के कारण रोजाना हजारों लीटर पानी बर्बाद हो रहा है। पेयजल पाइप लीकेज का पूरा पानी सड़क के ऊपर पसरा रहता है जिसके कारण बाजार में कीचड़ ही कीचड़ रहता है। जिसको लेकर के आम लोगों के साथ-साथ स्थानीय दुकानदारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय दुकानदार कृष्ण लाल सिहाग, हरिराम वर्मा, दीपक टेलर, रामचंद्र, नत्थूराम स्वामी, विनोद छापोला आदि ने बताया कि लगभग पिछले दो माह से पेयजल पाइप लीकेज पड़ी है। जलदाय विभाग के कर्मचारियों को कई बार अवगत करवाया मगर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। दुकानदारों ने बताया कि यह जलदाय विभाग के लिए आखरी चेतावनी है उसके बाद में आंदोलन करेंगे।