शिमला
हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी अपने चरम पर है। भारतीय जनता पार्टी राज्य में दोबारा सत्ता में बने रहने के प्रयास में लगी हुई है। इसी कड़ी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंडी के सुंदरनगर में जनसभा को संबोधित किया, जहां उन्होंने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। पीएम मोदी ने कहा कि आजादी के बाद कांग्रेस ने बहुत लंबे समय तक हिमाचल पर शासन किया है। कांग्रेस के लिए सरकार में आना, सरकार में रहना, राज-पाट चलाने जैसा ही रहा है। हिमाचल में, पहाड़ी राज्यों में तो कांग्रेस दशकों तक तरसाओ, लटकाओ-भटकाओ की नीति पर चली है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ‘कांग्रेस ने हमेशा यही सोचा कि यह छोटा राज्य है, जहां से 3-4 सांसद आते हैं। इनकी देश की राजनीति में हैसियत ही क्या है। इसी वजह से कांग्रेस ने हिमाचल के विकास को कभी भी प्राथमिकता नहीं दी और हिमाचल लगातार पीछे होता चला गया। बीच-बीच में यहां BJP की सरकार बनी तो कुछ काम आगे बढ़ा।’
‘हिमाचल के भाइयों-बहनों ने मुझे दिल्ली में बैठाया’
नरेंद्र मोदी ने कहा कि हिमाचल के भाइयों-बहनों आपने मुझे दिल्ली में बैठाया है। मैं आपके लिए कुछ करना चाहता हूं। पिछले 5 साल से करना चाहता हूं और आगे भी करना चाहता हूं। मुझे सेवा का मौका दोगे ना, और मैं आपको वादा करता हूं कि मैं आपके लिए जितना कर सकता हूं, कभी पीछे नहीं हटूंगा। उन्होंने कहा, ‘मुझे कुछ दिन पहले ही मंडी आना था लेकिन मौसम अचानक खराब हो गया था तब मैंने आपको वर्चुअली संबोधित किया था। उसी समय मैंने ठान लिया था कि जब भी हिमाचल में चुनावी रैलियां शुरू होंगी सबसे पहले मैं मंडी जाऊंगा और आपसे क्षमा मांगूंगा।’