श्रीगंगानगर
सिख पंथ के संस्थापक गुरुनानक देव की जयंती के उपलक्ष्य में मंगलवार को शहर के गुरुद्वारा श्री गुरुनानक दरबार में सैकड़ों लोग उमड़े। गुरु की हुजूरी में माथा टेका, शबद कीर्तन सुना और हजारों लोगों के साथ पंगत में बैठकर लंगर का प्रसाद ग्रहण किया। गुरुद्वारा में पिछले तीन दिन से चल रहे कार्यक्रमों की शृंखला में मंगलवार को तीसरे और आखिरी दिन कीर्तन दीवान सजाए गए। इनमें गुरुद्वारे के हुजूरी रागी और दरबार साहिब अमृतसर से से आए हुजूरी रागी भाई सतविंदरसिंह और भाई सिमरनजीतसिंह ने गुरु की महिमा गाई।

शबद कीर्तन करती युवतियां।
चन्न चढ़या मिटिया अंधेरा
कार्यकम के दौरान श्रीगुरुनानक गर्ल्स कॉलेज की स्टूडेंट्स ने चन्न चढया मिटिया अंधेरा शबद गाकर सभी को भक्ति के रंग में रंग दिया। इसके अलावा कई अन्य रागी जत्थो ंने भी गुरु की महिमा गाई। गुरुद्वारे के प्रधान गुरबचनसिंह वासन ने कार्यक्रम के आयोजन को शानदार बताते हुए कहा कि भविष्य में भी इसी तरह के भक्तिमय आयोजन किए जाने चाहिए।

लंगर में प्रसादा छकते लोग।
लंगर के लिए जुटे सैंकड़ो लोग
गुुरुद्वारे के पीछे की तरफ पूरी सड़क काे चारों तरफ से रोककर लंगर का प्रबंध किया गया। गुरुद्वारे के लंगर हॉल में प्रसादा तैयार किया गया तथा पास ही खुले स्थान पर महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग लाइनें लगाकर लंगर का प्रसाद वितरित किया गया। सेवादार यहां ट्रॉलियों में भरकर लंगर ला रहे थे। गुरुद्वारे के निकट चाय और पकौड़े के लंगर का भी प्रबंध किया गया।

गुरुद्वारे में दर्शन के लिए इंतजार करते लोग।