पहली पारी में 46.23 प्रतिशत तो दूसरी में 48.53 प्रतिशत रही उपस्थिति हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड, जयपुर की ओर से आयोजित करवाई जा रही वनरक्षक सीधी भर्ती परीक्षा शनिवार को शुरू हो गई। प्रथम पारी में सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक 39 केन्द्रों पर हुई परीक्षा में 5972 अभ्यर्थी बैठे। जबकि 12917 परीक्षार्थी नामांकित थे। 6945 अभ्यर्थी परीक्षा देने नहीं पहुंचे। पहली पारी में उपस्थिति का प्रतिशत 46.23 रहा। दूसरी पारी में दोपहर 2.30 बजे से शाम 4.30 बजे तक 42 केन्द्रों पर परीक्षा हुई। दूसरी पारी के लिए पंजीकृत कुल 13784 में से 6690 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। 7094 अनुपस्थित रहे। दूसरी पारी में उपस्थिति का प्रतिशत 48.53 रहा। पहले दिन दोनों पारियों में कुल 26701 अभ्यर्थी नामांकित थे। इनमें से आधे से भी कम 12662 अभ्यर्थी परीक्षा देने पहुंचे। 14039 परीक्षार्थी परीक्षा देने नहीं आए। ठंड के बाद स्टूडेंट में परीक्षा को लेकर उत्साह दिखा। मेटल डिटेक्टर से जांच के बाद ही परीक्षा केन्द्र में प्रवेश दिया गया। पहली पारी सुबह दस बजे शुरू हुई, लेकिन परीक्षार्थियों को डेढ़ घंटे पहले ही संबंधित सेंटर पर पहुंचना पड़ा। इसके बाद प्रत्येक परीक्षार्थी के दस्तावेज और जांच के बाद ही उन्हें परीक्षा कक्ष तक जाने की अनुमति दी गई। सर्दी के मौसम के बीच परीक्षा केन्द्रों के बाहर अभ्यर्थियों के स्वेटर और जैकेट उतरवा लिए गए। वनरक्षक परीक्षा के लिए गठित सात फ्लाइंग टीम ने केन्द्रों का निरीक्षण किया। कई सेंटर पर कुछ अभ्यर्थी 5 से 10 मिनट की देरी से पहुंचे। उन्होंने स्टाफ से काफी मिन्नत की लेकिन उन्हें प्रवेश नहीं दिया गया। कुछ ने ट्रेन के लेट होने का हवाला दिया तो किसी ने अन्य कारण बताएं। लेकिन सेंटर इंचार्ज ने सख्ती दिखाते हुए किसी को अंदर जाने नहीं दिया। कई अभ्यर्थी अपने साथ पैन लाना भूल गए तो कुछ जने फोटो लाना भी भूल गए। सभी सेंटर के बाहर सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम देखे गए। एंट्री से पहले स्टूडेंट को कड़ी जांच से गुजरना पड़ा। दो स्टेज में हुई जांच में सबसे पहले स्टूडेंट के एडमिशन कार्ड और आइडेंटिटी कार्ड के साथ फोटो की जांच की गई। दूसरी स्टेज में डिजिटल गैजेट से स्टूडेंट्स की जांच की गई। महिलाओं से मंगलसूत्र, हाथों की चूड़ियां, बालों की क्लिप से लेकर धागे तक खुलवाए गए। परीक्षा में मास्क ले जाने के लिए भी अलाउड नहीं किया। इसके बाद ही एंट्री मिली। पुलिस का जाब्ता और नकल रोकने के लिए फ्लाइंग टीम मौके पर मौजूद रही। परीक्षा केन्द्रों की वीडियोग्राफी करवाई गई। जिला मुख्यालय पर सबसे बड़ा परीक्षा केन्द्र जंक्शन स्थित बेबी हेप्पी मॉर्डन पीजी कॉलेज का होना बताया जा रहा है। कॉलेज के चेयरमैन आशीष विजय के अनुसार कॉलेज में हर पारी के लिए 1176 अभ्यर्थी आवंटित किए गए हैं। संभवतया जिला मुख्यालय पर यह केन्द्र सबसे बड़ा है। चारों पारियों के लिए 56541 परीक्षार्थी नामांकित वनरक्षक सीधी भर्ती परीक्षा के लिए हनुमानगढ़ जिला मुख्यालय पर कुल 47 केन्द्र बनाए गए हैं। परीक्षा दो पारियों में सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तथा दोपहर 2.30 बजे से शाम 4.30 बजे तक हो रही है। परीक्षा के लिए कुल 56541 परीक्षार्थी नामांकित हैं। पहले दिन हुई परीक्षा के लिए 26701 पंजीकृत थे जबकि दूसरे दिन होने वाली परीक्षा के लिए 29840 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं। दूसरे दिन रविवार को 47 केन्द्रों पर पहली पारी के लिए 15000 जबकि 47 केन्द्रों पर ही दूसरी पारी में होने वाली परीक्षा के लिए 14840 परीक्षार्थी नामांकित हैं।