Monday, November 23निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

कार ब्लॉक से टकराने पर बुजुर्ग की मौत:बहन के परिवार के साथ घर लौट रहे थे, चार घायल

​​​​​​​श्रीगंगानगर. श्रीगंगानगर के जैतसर इलाके में गांव तेरह एसडी के पास सोमवार देर रात सड़क हादसे में एक बुजुर्ग की मौत हो गई और चार घायल हो गए। गांव तेरह एसडी के पास कार अचानक सड़क किनारे बने एक ब्लॉक से जा टकराई। हादसे में कार सवार पांच लोग घायल हो गए। एक की इलाज के दौरान मौत हो गई। एक अन्य की हालत गंभीर होने पर जयपुर रैफर किया गया है।

जैतसर के रहने वाले ऑटो मोबाइल शोरूम मालिक नितिन सेतिया (30) अपनी माता कृष्णा देवी (60), पत्नी कनिका (28) और बेटी निशिका (3 महीने ) के साथ रावतसर में रिश्तेदारी में किसी विवाह समारोह में शामिल होने के लिए गए थे। उनके मामा बीकानेर के सादुल कॉलोनी निवासी मेडिकल व्यवसायी जयलाल छाबड़ा (70) भी साथ थे। मृतक बीकानेर का रहने वाला है और अपनी बहन के परिवार के साथ हनुमानगढ़ जिले के रावतसर से किसी विवाह समारोह में शामिल होकर जैतसर लौट रहा था।

सड़क किनारे ब्लॉक से टकराने पर डैमेज कार।

सड़क किनारे ब्लॉक से टकराने पर डैमेज कार।

कार सड़क किनारे ब्लॉक से टकराई
विवाह समारोह से लौटने के दौरान रात करीब सवा एक बजे कार सड़क किनारे एक ब्लॉक से जा टकराई। हादसे में कार सवार पांचों लोग घायल हो गए। घायलों को जैतसर के सरकारी हॉस्पिटल लाया गया। जहां जयलाल छाबड़ा की इलाज के दौरान मौत हो गई। नितिन की हालत गंभीर होने पर उसे जयपुर रैफर कर दिया गया। नितिन की मां कृष्णा देवी, पत्नी कनिका और बेटी निशिका का इलाज जैतसर के सरकारी अस्पताल में चल रहा है।

आसपास के लोगों ने संभाला
हादसा होने के साथ ही आसपास के खेतों में काम कर रहे लोगों ने घायलों को संभाला। उन्होंने उन्हें अस्पताल पहुंचाया। इस दौरान घायलों के बारे में जानकारी जुटाकर बीकानेर में जयलाल छाबड़ा के परिजनों को सूचना दी गई। मंगलवार को जयलाल छाबड़ा के परिजन जैतसर पहुंच गए थे।