Saturday, May 9निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

बीस लाख रुपए की लागत से बनेगा सार्वजनिक पार्क

  • नगर परिषद सभापति ने किया शिलान्यास
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    जंक्शन में तार घर के पास रविवार को सार्वजनिक पार्क के निर्माण कार्य का शिलान्यास नगरपरिषद सभापति गणेश राज बंसल, निर्माण समिति अध्यक्ष सुमित रणवां, पार्षद भगवानी गौरी, हेमसिंह, सिंगाराम गाट, पार्षद प्रतिनिधि रमजान, सिंधी समाज के प्रतिनिधि विजय पेशवानी की ओर से किया गया। इस मौके पर सभापति बंसल ने कहा कि नगर परिषद की ओर से शहर के सभी वार्डांे में बिना किसी भेदभाव के उच्च गुणवत्ता से निर्माण कार्य करवाए जा रहे हैं। बकायदा निर्माण कार्यांे की गुणवत्ता जांचने के लिए नगर परिषद की ओर से तकनीकी अधिकारियों की विशेष टीम का गठन किया गया है जो शहर में हो रहे विकास कार्यांे की औचक जांच कर रही है। निर्माण समिति अध्यक्ष सुमित रणवां ने कहा कि जनता से किए गए वादे तकरीबन पूरे हो चुके हैं। शेष कार्य भी जल्द पूर्ण कर दिए जाएंगे। नगर परिषद सभापति गणेश राज बंसल का सपना था कि हनुमानगढ़ को मिनी चण्डीगढ़ का स्वरूप मिले जो अब धीरे-धीरे साकार होता दिख रहा है। उन्होंने दावा किया कि पूरे राजस्थान में हनुमानगढ़ नगर परिषद क्षेत्र में हुए विकास कार्य मिसाल के रूप में गिने जा रहे हैं जो क्षेत्रवासियों के लिए गौरव की बात है। पार्षद भगवानी गौरी ने बताया कि वार्ड में लम्बे समय से बच्चों के खेलने व घूमने के लिए पार्क की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। इस मांग को पूर्ण करने की दिशा में यह कदम उठाया गया है। उन्होंने बताया कि पार्क के निर्माण पर करीब 20 लाख रुपए की लागत आना अनुमानित है। पार्क बनने से खाली पड़ी जगह का भी उपयोग होगा और स्वच्छता भी रहेगी। इस मौके पर राजू सिंधी, जेडी पठान, संजय रावत, गोविन्द, अमृतलाल सहित कई वार्डवासी मौजूद थे।