Tuesday, May 5निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

जयपुर, भरतपुर, अजमेर, जोधपुर में 13 जुलाई तक आ सकता है मानसून; 10-11 जुलाई को कोटा, उदयपुर में भारी बारिश की चेतावनी

जयपुर

पिछले 16 दिनों से राजस्थान में मानसून का इंतजार हो रहा है। अब बंगाल की खाड़ी से चली हवाओं ने मानसून के आगमन की संभावनाओं को गति देनी शुरू कर दी है। भरतपुर, जयपुर, अजमेर और जोधपुर जिलों में अगले सप्ताह तक मानसून आने की संभावना है। ऐसी उम्मीद जताई जा रही है कि 10 जुलाई से तेज बारिश का दौर शुरू हो जाएगा। 10 और 11 जुलाई को राज्य में कोटा, उदयपुर संभाग के कई जिलों में भारी बारिश हो सकती है।

मौसम विभाग के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि बंगाल की खाड़ी हवाओं का पैटर्न बदलकर पश्चिम की तरफ हो गया है। इससे 9 और 10 जुलाई से प्रदेश के कुछ हिस्सों में मानसून के आगे बढ़ने की परिस्थितियां बन गई है। इसके साथ ही भरतपुर, जयपुर, अजमेर, कोटा और उदयपुर में बारिश का दौर चलेगा। 10 और 11 जुलाई को कोटा और उदयपुर संभाग के डूंगरपुर, बांसवाड़ा, चित्तौड़गढ़, बूंदी, बारां, झालावाड़ इलाके में भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा 10 जुलाई से तापमान में भी गिरावट होगी और 3-4 डिग्री तक पारा गिर सकता है।

प्रदेश में फिलहाल मानसून की उत्तरी सीमा बाड़मेर, भीलवाड़ा व धौलपुर से गुजर रही है, ये स्थिति 20 जून से बनी हुई है। 18 जून को मानसून के प्रदेश में एंट्री करने के बाद से मानसून की गति थम गई। पश्चिमी क्षेत्र पाकिस्तान से चली गर्म हवाओं के कारण मानसून आगे नहीं बढ़ सका। अब जब मानसून के आगे बढ़ने की परिस्थितियां अनुकूल हुई है तो 13 जुलाई तक भरतपुर, अजमेर, जयपुर और जोधपुर जिलों में मानसून प्रवेश कर जाएगा।

उमस और गर्मी से बेहाल
प्रदेश में आज के मौसम की स्थिति देखे तो आज कोटा संभाग के कुछ हिस्सों को छोड़कर शेष सभी जगह मौसम साफ है। उमस और गर्मी से लोग परेशान है। पश्चिमी राजस्थान के बीकानेर, चूरू, जैसलमेर एरिया में तो गर्म धीमी गति से गर्म हवाएं चल र ही है। जयपुर में मौसम साफ होने के कारण तेज गर्मी है। मौसम विभाग ने आज देर शाम तक कोटा, झालावाड़ा, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़, बूंदी, राजसमंद सहित अन्य जिलों में हल्की व मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना जताई है।

30 डिग्री तक पहुंच रात का पारा
करौली, नागौर, पाली, गंगानगर, बीकानेर, जोधपुर, बूंदी, कोटा, जयपुर, अलवर में गर्मी ने एक बार फिर तेवर दिखाने शुरू कर दिए। यहां दिन के साथ-साथ रातें भी गर्म होने लगी है। इन जिलों में रात में तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर ही बना रहा। पाली में 32.5 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म रात रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *