जयपुर
बीजेपी में चल रही आपसी खींचतान के बीच अब लगातार नेताओं के ऑडियो वायरल हो रहे हैं। पहले वसुंधरा राजे और अब उनके समर्थक नेता रोहिताश शर्मा के दो ऑडियो वायरल हो रहे हैं। एक वायरल ऑडियो में रोहिताश शर्मा अलवर के बीजेपी नेता को गाली देते हुए कहते सुनाई दे रहे हैं कि वसुंधरा राजे ही नेता बनेंगी, ये मूर्ख क्या राज चलाएंगें। दूसरे वायरल ऑडियो में रोहिताश शर्मा कह रहे हैं, हंड्रेड परसेंट तीन महीने बाद वसुंधरा विल टेक ओवर, कोई रोक नहीं सकता। रोहिताश शर्मा ने ऑडियो में खुद की आवाज होने से इनकार किया है।
रोहिताश शर्मा को पार्टी नेताओं के खिलाफ बयानबाजी को लेकर पिछले दिनों नोटिस देकर 15 दिन में जवाब देने को कहा था। नोटिस के जवाब से पहले यह ऑडियो वायरल हो रहा है। वायरल ऑडियो रोहिताश शर्मा का अलवर के एक बीजेपी कार्यकर्ता से बातचीत का बताया जा रहा है, यह कार्यकर्ता चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहा है। शर्मा ने नाम लिए बिना सतीश पूनिया और वसुंधरा राजे विरोधी नेताओं पर जमकर निशाने पर लिया है।
जिलाध्यक्ष मोटरसाइकिल छुड़ाने की हैसियत नहीं रखते ,आप लीडर को मार रहे हो
वायरल ऑडियो में आगे रोहिताश शर्मा कह रहे हैं- यह जिलाध्यक्ष मोटरसाइकिल भी छुड़ा सकते हैं क्या। क्या (गाली देते हुए) संगठन हुआ जिसमें मजबूत लोगों को नहीं रखेंगे। यह क्या बात हुई, लीडर को मारकर जिंदा रह सकता है क्या? आप लीडर को मार रहे हो] वसुंधरा को हटाकर ये चुनाव कर सकते हैं क्या? कभी नहीं कर सकते।
रोहिताश शर्मा ने कहा, वायरल ऑडियो मेरा नहीं
रोहिताश शर्मा ने भास्कर से कहा, वायरल ऑडियो मेरा नहीं है। अभी चुनाव बहुत दूर हैं, तीन महीने में कोई चुनाव थोड़े ही हैं जो मैं वसुंधरा राजे के टेक ओवर की बात कहूंगा। किसी ने शरारतपूर्वक तरीके से इसे मुझसे जोड़कर वायरल किया है, मैंने इस तरह की ेकोई बात नहीं कही।
वायरल ऑडियो में रोहिताश शर्मा की बीजेपी कार्यकर्ता से बातचीत
रोहिताश शर्मा : तू देश का सबसे बड़ा नेता है मान लिया, फोन का रिप्लाई नहीं किया। ऐसा क्य कह दिया मैंने ।
बीजेपी कार्यकर्ता : मैं कोई काम में लग गया साहब.. रोहिताश : तू माटियों के दम पर एमएलए बन जाएगा क्या? तेरे हर काम मेंं मैंने साथ दिया है माटियों के दम पर कहता है कि हम ही नेता हैं सारे देश के। तुम ऐसे ही थोड़े ही एमएलए बन जाओगे। यह जिलाध्यक्ष मोटरसाइकिल भी छुड़ा सकते हैं क्या। क्या गाली देते हुए संगठन हुआ जिसमें मजबूत लोगों को नहीं रखेंगे। यह क्या बात हुई लीडर को मारकर जिंदा रह सकता है क्या? आप लीडर को मार रहे हों वसुंधरा को हटाकर ये चुनाव कर सकते हैं क्या? कभी नहीं कर सकते। हंड्रेड परसेंट तीन महीने बाद वसुंधरा विल टेक ओवर, कोई रोक नहीं सकता। कार्यकर्ता : हम तो शुरू से ही बीजेपी के ही हैं, हम तो खानदानी पार्टी के हैं
रोहिताश : अरे पार्टी बीजेपी तो हम बीजेपी से बाहर हैं क्या?, हम भी बीजेवी के खिलाफ थोड़े ही हैं। हमने तो नेताओं के खिलाफ स्टेटमेंट दिया है।
कार्यकर्ता : प्रदेश में तो सतीश पूनियाजी प्रदेश अध्यक्ष हैं तो मैं तो उन्हीं की टीम का आदमी हूंं ।
रोहिताश : आ गया न तेरी औकात पर। आप तो सतीश पूनिया जिंदाबाद बोलो, पहले हमारे लिए जय बोलता था, अब वहां बोलना शुरू हो गया, तेरा क्या है?
कार्यकर्ता : आपका व्यक्तिगत काम हो कोई हो तो बताइए, आप अगर यहां आओगे तो बैठने को तैयार हूं, आपके अलावा किसी को स्वीकार करुंगा नहीं।
वसुंधरा जन रसोई चालू करो, लीडर वसुंधरा ही बनेंगी,ये बेवकूफ चलाएंगे क्या राज
रोहिताश शर्मा : एक एक दिन पकड़ लो, अस्पताल को पकड़ लो और गरीबों को खाना खिला दो
कार्यकर्ता : किस नाम से
रोहिताश : वसुंधरा जन रसोई, तू अखबार नहीं पढ़ता क्या पूरे अलवर में हमने वसुंधरा जन रसोई के नाम से चला रखा है।
कार्यकर्ता : मेरे तो तीये की बैठक ही नहीं निपटती।
रोहिताश : कौनसी तीये की बैठक?
कार्यकर्ता : सारे दिन ही रहता हूं विधानसभा में।
रोहिताश : विधानसभा क्षेत्र में तीये की बैठकों में रहता है वेउ ठीक है, वसुंधरा जन रसोई चालू करो, लीडर वसुंधरा ही बनेगी,ये (…..गाली देते हुए) चलाएंगे क्या राज
वायरल ऑडियो के पीछे बीजेपी की खींचतान औरा नेताओं के बीच प्रोक्सी वॉर
वसुंधरा राजे समर्थक नेता रोहिताश शर्मा को 9 जुलाई तक नोटिस का जवाब देना है, नोटिस के जवाब से पहले उनका ऑडियो वायरल हो गया है जिसमें उन्होंने मौजूदा प्रदेश नेतृत्व पर तल्ख टिप्पणियां की हैं। बीजेपी में इससे पहले प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया का भाजयुमो प्रदेशाध्यक्ष से इस्तीफा देने का 22 साल पुराना लेटर वायरल हुआ, उसके बाद पूर्व सीएम वसुंधरा राजे का ऑडियो वायरल हुआ। बीजेपी में एक दूसरे के धड़े के खिलाफ लेटर, ऑडियो, वीडियो वायरल करके प्रोक्सी वॉर का दौर चल रहा है।