Thursday, May 7निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

कैसे बुझेगी आग, फायरमैन के साठ फीसदी पद रिक्त

बीकानेर. नगर निगम का दमकल बेडा योग्य एवं प्रशिक्षित फायरमैन की कमी से जूझ रहा है। आए दिन शहर में लगने वाली आग के दौरान इसका असर भी नजर आ रहा है। अस्थाई कार्मिकों के सहयोग से किसी प्रकार आग पर काबू पाया जा रहा है, जबकि दमकल विभाग में स्वीकृत फायरमैन के पदों में 60 फीसदी पद रिक्त चल रहे है।

बताया जा रहा है कि दमकल बेडे में फायरमैन के 42 पद स्वीकृत है। इनमें से१४ पदों पर ही स्थायी फायरमैन कार्यरत है। 28 पद खाली चल रहे है। दमकल विभाग में स्थायी फायरमैन के रिक्त पदों के विरुद्ध कई सिविल डिफेंस और एक्स सर्विसमैन की भी सेवाएं ली जा रही है। ये अस्थायी रूप से कार्यरत है। निगम कीओर से समय-समय पर फायरमैन के रिक्त पदों की जानकारी डीएलबी और राज्य सरकार स्तर पर भेजी भी गई है, लेकिन स्थायी फायरमैन की नियुक्ति नहीं हो पा रही है।

काम पूरा, सेवा अस्थायी
दमकल बेडे में दो दर्जन से अधिक ऐसे कार्मिक है जो अस्थायी है लेकिन आग बुझाने के काम में जुटे रहते है। स्थायी फायरमैन के साथ ये सिविल डिफेंस व एक्स सर्विसमैन आग की लपटों के बीच पहुंचकर आग पर काबू पाते है, लेकिन इनकी सेवाएं अस्थायी है। लम्बे समय से अस्थायी कार्मिक जो फायरमैन का काम कर रहे है,उनको योग्यता और कार्यानुभव केआधार पर स्थायी नियुक्ति प्रदान कर सेवाएं ली जा सकती है।

ड्यूटी चौबीसो घंटे, आवश्यकता से कम फायरमैन
दमकल कर्मियों को चौबीसों घंटे सतर्क रहना होता है। आग लगने पर कभी भी उनको मौके पर पहुंचकर आग बुझाने के काम में जुटना पड़ सकता है। बताया जा रहा है कि दमकल की बडी गाडी मेंएक शिफ्ट में एक गाड़ी पर तीन फायरमैन की जरुरत रहती है। इस अनुसार एक दमकल गाडी पर एक दिन में राउण्ड द क्लॉक तीन शिफ्ट होने पर 9 फायर मैन की जरुरत रहती है। ऐसी 8 गाडिय़ा है। इसके अनुसार 72 फायरमैन की नियुक्ति राउण्ड द क्लाक के अनुसार आवश्यक है। जबकि निगम में वर्तमान में 14 स्थायी फायरमैन के साथ 27 एक्स सर्विसमैन और सिविल डिफेंस के कार्मिक है। जरुरत से भी 30 फायरमैन कम है।

अग्निशमन अधिकारी ही नहीं
नगर निगम में दमकल सेवाओं पर नियंत्रण और व्यवस्थाओं के लिए अग्निशमन अधिकारी का पद भी स्वीकृत है। बताया जा रहा है लम्बे समय से इस पद पर किसी अधिकारी की नियुक्ति ही नहीं हुई है। सहायक अग्निशमन अधिकारी के दो पद स्वीकृत है। दोनों पद वर्तमान में भरे हुए है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *