फ्लिपकार्ट के को-फाउंडर बिन्नी बंसल फिनटेक प्लेटफॉर्म फोनपे (PhonePe) में एक बड़ा इन्वेस्टमेंट करने का प्लान बना रहे हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, बिन्नी बंसल की फोनपे में लगभग 100-150 मिलियन डॉलर (820-1230 करोड़ रुपए) निवेश करने के लिए कंपनी से बातचीत चल रही है। अगर ऐसा संभव होता है तो यह ट्रांजेक्शन न्यू-ऐज फर्म में सबसे बड़े व्यक्तिगत निवेशों में से एक होगा।
अब सिर्फ अमाउंट फाइनलाइज किया जाना बाकी
द इकोनॉमिक टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, इस मामले से जुड़े एक व्यक्ति ने बताया है कि डील में अब सिर्फ अमाउंट फाइनलाइज किया जाना बाकी रह गया है। हालांकि, इस इन्वेस्टमेंट को लेकर बातचीत चल रही है और जल्द ही इस डील के क्लोज होने की उम्मीद है।
फोनपे पहले ही जुटा चुकी है 3,691 करोड़ रुपए
फोनपे पहले ही PE दिग्गजों जनरल अटलांटिक, टाइगर ग्लोबल, रिबिट कैपिटल और अन्य कई कंपनियों से 12 बिलियन डॉलर (98.44 हजार करोड़ रुपए) के वैल्यूएशन पर प्राइमरी कैपिटल में लगभग 450 मिलियन डॉलर (3,691 करोड़ रुपए) जुटा चुकी है।
वॉलमार्ट 70% हिस्सेदारी के साथ फोनपे का सबसे बड़ा निवेशक
फोनपे में वॉलमार्ट 70% हिस्सेदारी के साथ सबसे बड़ा निवेशक है। इसके अलावा फ्लिपकार्ट के शेयर होल्डर्स टाइगर ग्लोबल, टेनसेंट, कतर इन्वेस्टमेंट अथॉरिटी और माइक्रोसॉफ्ट को फोनपे में नई हिस्सेदारी खरीदने की उम्मीद थी। क्योंकि फोनपे ने एक न्यू ओनरशिप स्ट्रक्चर बनाने का प्लान बनाया था।
फोनपे से हर महीने लगभग 400 करोड़ ट्रांजेक्शंस होते हैं
वॉलमार्ट इंटरनेशनल के CEO जूडिथ मैककेना ने पिछले महीने कहा था कि ऑनलाइन पेमेंट ऐप फोनपे के जरिए हर महीने लगभग 4 बिलियन (400 करोड़) ट्रांजेक्शंस होते हैं। UPI नेटवर्क पर फोनपे का सीधा मुकाबला गुगल पे, अमेजन पे और वॉट्सऐप पे से है।
फ्लिपकार्ट ने 2016 में किया था फोनपे का अधिग्रहण
फ्लिपकार्ट ने 2016 में फोनपे का अधिग्रहण किया था और बिन्नी बंसल ने इस डील को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। रिपोर्ट के मुताबिक, बिन्नी बंसल फोनपे के बोर्ड में भी शामिल रहे हैं। इसके अलावा वे फोनपे के फाउंडर्स समीर निगम और राहुल चारी के साथ काफी क्लोज बॉन्ड शेयर करते हैं।
बिन्नी बंसल ने सचिन बंसल के साथ फ्लिपकार्ट की सह-स्थापना की थी। उन्हें न्यू-ऐज फर्म्स में निवेश के लिए भी जाना जाता है। बिन्नी ने क्योरफूड, एको, एथर एनर्जी, युलु, रूपीक और अन्य कंपनियों में भी इन्वेस्टमेंट किया हुआ है।